विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दोबारा मुंबई इंडियंस के कप्तान नहीं बनना चाहते थे रोहित शर्मा, फिर हुआ कुछ ऐसा जिसके चलते बदल दिया फैसला

Published: Sat, 28 Nov 2026 01:09 PM (IST)Updated: Sat, 28 Nov 2026 01:27 PM (IST)

पांच बार आईपीएल विजेता मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को फिर से कप्तान बनाया है, हालांकि वह शुरुआत में इस जिम्मेदारी के लिए तैयार नहीं थे। 

रोहित शर्मा दोबारा बने मुंबई इंडियंस के कप्तान (PC- MI)

रोहित शर्मा दोबारा बने मुंबई इंडियंस के कप्तान (PC- MI)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पांच बार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियंस ने एक बार फिर कप्तानी को लेकर रोहित शर्मा पर भरोसा जताया है। फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को रोहित को दोबारा अपना कप्तान बनाने की घोषणा की। हालांकि, रोहित नहीं चाहते थे कि वह एक बार फिर इस जिम्मेदारी को संभालें, लेकिन फिर कुछ ऐसा हुआ कि उन्होंने हां कह दिया।

रोहित ने साल 2013 में मुंबई की कप्तानी संभाली थी और 2023 तक वह टीम के कप्तान रहे। इन 10 सालों में उन्होंने टीम को पांच बार विजेता की ट्रॉफी दिलाई। मुंबई ने अभी तक पांच आईपीएल खिताब जीते हैं और सभी रोहित की कप्तानी में जीते हैं। उनके कप्तानी से हटने के बाद टीम एक भी बार फाइनल नहीं खेल सकी। अब एक बार फिर रोहित मुंबई की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे।

तैयार नहीं थे रोहित

रोहित ने कहा है कि जब फ्रेंचाइजी के मालिक आकाश अंबानी ने उन्हें दोबारा कप्तान बनने को कहा था वह इसके लिए तैयार नहीं थे और फिर बाद में उन्होंने काफी सोच विचार के बाद अपना फैसला बदला। रोहित ने मुंबई इंडियंस द्वारा जारी किए गए इंटरव्यू में बताया, "मैं अपनी पत्नी से बात कर रहा था तभी आकाश ने फोन किया और हमारे मिलने की बात हुई। हमने इस बात पर चर्चा की कि कैसे टीम को आगे ले जाया जा सकता है।"

इसी चर्चा के दौरान आकाश ने रोहित से दोबारा कप्तान बनने का बारे में पूछा तो वह थोड़ा झेंप गए। रोहित ने बताया, "मेरा शुरुआती विचार यह था कि मैं इसके लिए अभी तैयार नहीं हूं। मुझे वापस जाकर इसके बारे में सोचना होगा। काफी कुछ हुआ है और मैं नहीं जानता कि मैं दोबारा कप्तानी करने की मानसिकता में हूं या नहीं।"

टीम को चाहिए थी दिशा

रोहित ने कहा कि उन्होंने जितना सोचा उसके उतना यह महसूस किया कि मुंबई इंडियंस को दिशा की जरूरत है क्योंकि उसे अब चीजें बदलनी हैं। उन्होंने कहा, "अंदर से, मुझे लग रहा था कि मैं यह नहीं कह रहा था कि इस टीम को एक लीडर के तौर पर मेरी जरूरत नहीं है, टीम को डायरेक्शन की जरूरत है। मैंने एहसास किया कि ये टीम वो है जिसे आपने बनाया है। 10 साल मैंने इस टीम की कप्तानी की है। मैंने सोचा कि यह समय है चुनौती को कबूल करने का।"

साल 2024 में मुंबई ने हार्दिक पांड्या को गुजरात टाइटंस से ट्रेड किया था और कप्तान बनाया था। पांड्या ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत भी मुंबई के साथ रोहित की कप्तानी में की थी। फिर वह 2022 में नई नवेली टीम गुजरात टाइटंस में चले गए और पहले ही सीजन टीम को खिताब दिलाया। 2023 में पांड्या की कप्तानी में गुजरात ने फाइनल खेला, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स से हार गई। पांड्या फिर लौटकर मुंबई आ गए। इस सीजन वह पंजाब किंग्स में दिखाई देंगे। मुंबई ने अर्शदीप सिंह के बदले उन्हें ट्रेड किया है।

यह भी पढ़ें- IPL इतिहास के सबसे उम्रदराज कप्तान, किस पोजिशन पर आया 'हिटमैन' रोहित शर्मा का नाम

यह भी पढ़ें- तारीख 27 नवंबर, तीन साल बाद बना दिलचस्प संयोग; रोहित- हार्दिक से है कनेक्शन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।