रोहित शर्मा ने जनवरी 2016 के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगाए हैं सबसे ज्यादा छक्के, दूसरे नंबर पर हैं ये
Ind vs SA रोहित शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक कुल 386 छक्के लगाए हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। India vs South Africa test series 2019: रोहित शर्मा (Rohit Shamra) साउथ अफ्रीका के खिलाफ बतौर ओपनर अपने पहले टेस्ट में खेली गई पारियों के लिए तो याद किए ही जाएंगे साथ ही साथ वो एक टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज के तौर पर भी अब याद किए जाएंगे। रोहित शर्मा ने प्रोटियाज के खिलाफ इस टेस्ट मैच में कुल 13 छक्के लगाए और एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया। छक्के लगाने की बात करें तो रोहित शर्मा जनवरी 2016 के बाद से लेकर अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं। ये बात क्रिकेट के तीनों प्रारूपों की हो रही है।
जनवरी 2016 के बाद से रोहित ने लगाए हैं कुल 239 छक्के
क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में जनवरी 2016 के बाद से रोहित शर्मा ने 147 पारियों में कुल 239 छक्के लगाए हैं। ये किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं। रोहित किस कदर छक्का लगाते हैं इसका पता इससे चलता है कि उस वक्त से अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में छक्का लगाने के मामले में दूसरे स्थान पर इंग्लैंड के बल्लेबाज इयोन मॉर्गन हैं जिन्होंने 97 पारियों में कुल 126 छक्के लगाए हैं। रोहित और मोर्गन के बीच इस वक्त 100 से भी ज्यादा का अंतर है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि हिटमैन रोहित छक्का लगाने में कितने उस्ताद हैं। क्रिकेट के हर प्रारूप में रोहित के छक्के लगाने का अंदाज एक जैसा ही रहता है। अगर वो लय में हों तो इससे कोई फर्क नहीं पड़ता की सामने गेंदबाज कौन है या फिर पिच कैसी है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रोहित ने लगाए हैं अब तक 386 छक्के
रोहित शर्मा ने अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 386 छक्के लगाए हैं। इनमें से उन्होंने 28 टेस्ट मैचों में 45 छक्के लगाए हैं। वनडे की बात करें तो उन्होंने 218 वनडे मैचों में कुल 232 छक्के जड़े हैं जबकि क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप यानी टी 20 मैचों में उन्होंने 109 छक्के 98 मैचों में लगाए हैं।