IND vs WI: भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज जीतने के बाद लगा जोरदार झटका, प्रसिद्ध कृष्णा तीसरे मैच से बाहर
भारतीय टीम को तीसरे वनडे से पहले जोरदार झटका लगा है। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा चोटिल होने के कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी वनडे से बाहर हो गए हैं।

प्रसिद्ध कृष्णा
HighLights
प्रसिद्ध कृष्णा तीसरे वनडे से हुए बाहर
कृष्णा को हैमस्ट्रिंग में लगी चोट
भारत-वेस्टइंडीज के बीच शनिवार को होगी टक्कर
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टीम ने गुवाहाटी में बुधवार को रिकॉर्ड जीत दर्ज करते हुए वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाई। हालांकि, टीम इंडिया को करारा झटका लगा क्योंकि प्रमुख तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा हैमस्ट्रिंग में चोट के कारण तीसरे वनडे से बाहर हो गए हैं।
प्रसिद्ध कृष्णा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में पांच ओवर गेंदबाजी की और फिर मैदान से बाहर चले गए। अब जानकारी सामने आई है कि वो हैमस्ट्रिंग की चोट से परेशान है। हां, यह स्पष्ट नहीं हुआ कि उनकी चोट कितनी गंभीर है। मगर इतना तय हो चुका है कि वो वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे में नहीं खेलेंगे।
प्रसिद्ध का प्रदर्शन
बता दें कि वेस्टइंडीज के खिलाफ गुवाहाटी के बारसपरा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में कृष्णा ने 5 ओवर का स्पेल डाला, जिसमें 45 रन खर्च किए और एक विकेट लिया। उन्होंने अपने पहले स्पेल में चार ओवर डाले थे। फिर 31वें ओवर में दूसरे स्पेल के लिए आए, लेकिन एक से ज्यादा ओवर नहीं डाल सके।
नमन धीर ने गेंदबाजी करके प्रसिद्ध कृष्णा की भरपाई की। भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने प्रसिद्ध की गैरमौजूदगी के लिए क्रैंप का हवाला दिया था। मैच के बाद कोटक ने कहा, 'कल स्कैन से चीजें पता चलेगी।'
कब तक फिट हो पाएंगे प्रसिद्ध
पता हो कि प्रसिद्ध कृष्णा वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा नहीं है, जो वनडे सीरीज के बाद खेली जाएगी। मगर सवाल यह है कि वो न्यूजीलैंड दौरे से पहले फिट हो पाएंगे। प्रसिद्ध कृष्णा की चोट की गंभीरता से ही आगे स्पष्ट हो पाएगा कि वो कितने समय तक क्रिकेट एक्शन से दूर रहेंगे।
बता दें कि भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का तीसरा व अंतिम वनडे शनिवार को न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। शुभमन गिल के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने शुरुआती दो वनडे जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली है। ऐसे में तीसरा वनडे महज औपचारिकता भर रह गया है। उम्मीद है कि तीसरे वनडे में कृष्णा की जगह मोहम्मद सिराज को मौका मिले, जिन्होंने शुरुआती दो वनडे में बेंच गर्म की।
