IND vs WI: भारत की सबसे बड़ी कमी दूसरे वनडे में उजागर, 2027 वर्ल्ड कप की तैयारियों को लगा करारा झटका
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज बुधवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में पूरी तरह बेअसर रहे। इसका असर यह ...और पढ़ें

गुरनूर बराड़, प्रसिद्ध कृष्णा और आकिब नबी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टीम की बुधवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में तेज गेंदबाजी सबसे बड़ी समस्या बनकर उजागर हुई। प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़ और डेब्यूटेंट आकिब नबी गुवाहाटी में पूरी तरह बेअसर साबित हुए।
भारत की पेस बेटरी ने कुल मिलाकर 23.5 ओवर में तीन विकेट झटके और 225 रन खर्च किए। गुरनूर बराड़ ने 10 ओवर में 96 रन देकर दो विकेट झटके। डेब्यूटेंट आकिब नबी ने 53 गेंदों में 84 रन खर्च किए और कृष्णा ने 5 ओवर में 45 रन लुटाकर एक विकेट लिया।
पेसरों ने बढ़ाई चिंता
जसप्रीत बुमराह एशियाई खेलों की ड्यूटी पर हैं, जबकि मोहम्मद सिराज भी टीम से बाहर हैं। ऐसे में भारत 2027 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए युवा गेंदबाजों को आजमा रहा है, लेकिन दूसरे वनडे में भी तेज गेंदबाजी आक्रमण ने ज्यादा सवाल खड़े किए।
भारतीय गेंदबाजी में राहत सिर्फ स्पिनरों से मिली। कुलदीप यादव ने 65 रन देकर दो विकेट लिए और वनडे में 200 विकेट पूरे करने वाले गेंदबाजों के क्लब में शामिल हो गए। रवींद्र जडेजा ने भी दो विकेट हासिल किए, लेकिन उन्होंने 75 रन खर्च किए।
2027 की तैयारियों को झटका
भारतीय टीम 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुटी हुई हैं, लेकिन उसके प्रमुख तेज गेंदबाज लगातार नहीं खेल रहे हैं। इस कारण टीम की तैयारियों को झटका लगा है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में भी भारतीय गेंदबाज पावरप्ले में विकेट नहीं निकाल पाए थे। दूसरे वनडे में बेशक कृष्णा ने पावरप्ले में विकेट निकाला, लेकिन फिर काफी निराशाजनक प्रदर्शन किया।
कुल मिलाकर युवा तेज गेंदबाजों ने भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। 2027 वनडे वर्ल्ड कप में तेज गेंदबाजों को काफी मदद मिलने की उम्मीद है, लेकिन टीम इंडिया जिस तरह के पेसर्स की खोज में जुटी है, फिलहाल वो पूरी होती नहीं दिख रही है।
यह भी पढ़ें- India vs West Indies Live Score: रोहित शर्मा-शुभमन गिल का गुवाहाटी में तूफान, शतक के करीब भारतीय कप्तान
यह भी पढ़ें- Rohit Sharma ने वनडे में पार किया 12,000 रन का आंकड़ा, हिटमैन ने महान सचिन तेंदुलकर को पछाड़ा
यह भी पढ़ें- IND vs WI: कुलदीप यादव ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, खास 'दोहरा शतक' जड़ शेन वॉर्न-जहीर खान जैसे दिग्गजों को छोड़ा पीछे
