विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 12, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कुलदीप यादव ने दोनों हाथों से लपका मौका, श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे में किया बेजोड़ प्रदर्शन

By Jagran NewsEdited By: Abhishek Nigam
Published: Thu, 12 Jan 2023 06:04 PM (IST)

भारतीय टीम में दूसरे वनडे के लिए युजवेंद्र चहल की जगह शामिल किए गए कुलदीप यादव ने शानदार प्रदर्शन करते ...और पढ़ें

कुलदीप यादव ने दूसरे वनडे में 51 रन देकर तीन विकेट लिए
कुलदीप यादव ने दूसरे वनडे में 51 रन देकर तीन विकेट लिए

नई दिल्‍ली, स्‍पोर्ट्स डेस्‍क। भारतीय टीम (India Cricket team) ने गुरुवार को श्रीलंका (Sri Lanka Cricket team) के खिलाफ दूसरे वनडे के लिए अपनी प्‍लेइंग 11 में एक बदलाव किया।

भारत ने युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) की जगह कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) को शामिल किया। चहल के दाएं कंधे में सूजन थी, जिसकी वजह से भारतीय टीम को यह बदलाव करना पड़ा। भारत के चाइनामैन ने इस मौके को दोनों हाथों से लपका और बेहतरीन प्रदर्शन करके फैंस का दिल जीत लिया।

कुलदीप यादव ने भारतीय टीम में दमदार वापसी की और 10 ओवर में 51 रन देकर तीन विकेट चटकाए। बाएं हाथ के रिस्‍ट स्पिनर ने कुसल मेंडिस (34), चरित असलंका (15) और कप्‍तान दसुन शनाका (2) को अपना शिकार बनाया।

कुलदीप को इससे पहले बांग्‍लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे में मौका मिला था, जहां उन्‍होंने 53 रन देकर एक विकेट लिया था। यादव ने ईडन गार्डन्‍स की पिच का पूरा लाभ उठाया और अपने मिश्रण से श्रीलंकाई गेंदबाजों की नाक में दम कर दिया।

मेंडिस को आउट करके कराई वापसी

श्रीलंका को डेब्‍यूटेंट नुवानिडु फर्नांडो (50) और कुसल मेंडिस (34) ने दूसरे विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी करके मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया था। दोनों ने टीम का स्‍कोर 100 रन के पार पहुंचाया था। कुलदीप यादव को रोहित शर्मा ने पारी का 17वां ओवर डालने की जिम्‍मेदारी सौंपी। उन्‍होंने आखिरी गेंद पर मेंडिस को एलबीडब्‍ल्‍यू आउट करके श्रीलंका को तगड़ा झटका दिया।

इसके बाद कुलदीप यादव ने श्रीलंकाई कप्‍तान दसुन शनाका को धीमी गति की गेंद पर क्‍लीन बोल्‍ड कर दिया। फिर चरित असलंका का अपनी ही गेंद पर आसान कैच पकड़ा। कुलदीप यादव को अन्‍य भारतीय गेंदबाजों का भी अच्‍छा साथ मिला और देखते ही देखते मेहमान टीम 39.4 ओवर में 215 रन पर ऑलआउट हो गई।

यह भी पढ़ें: उमरान मलिक की रफ्तार को मिला Axar Patel का साथ, हवा में उड़ते हुए पकड़ा अद्भुत कैच; देंखे वीडियो

यह भी पढ़ें: श्रीलंकाई बल्‍लेबाज ने अर्धशतक जमाकर अपना डेब्‍यू बनाया खास, फिर 'बेइज्‍जत' होकर लौटना पड़ा पवेलियन