विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 12, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

श्रीलंकाई बल्‍लेबाज ने अर्धशतक जमाकर अपना डेब्‍यू बनाया खास, फिर 'बेइज्‍जत' होकर लौटना पड़ा पवेलियन

By Jagran NewsEdited By: Abhishek Nigam
Published: Thu, 12 Jan 2023 04:26 PM (IST)

नुवानिडु फर्नांडो ने भारत के खिलाफ दूसरे वनडे में अपना डेब्‍यू किया और शानदार प्रदर्शन करते हुए अर्धशतक जमाया। फर्नांडो ...और पढ़ें

IND vs SL: नुवानिडु फर्नांडो ने अर्धशतक जमाया
IND vs SL: नुवानिडु फर्नांडो ने अर्धशतक जमाया

नई दिल्‍ली, स्‍पोर्ट्स डेस्‍क। भारत और श्रीलंका के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्‍स पर तीन मैचों की सीरीज का दूसरा वनडे खेला जा रहा है। श्रीलंकाई कप्‍तान दसुन शनाका ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने का निर्णय लिया। शनाका ने बताया कि उनकी टीम ने अपनी प्‍लेइंग 11 में दो बदलाव किए हैं। ओपनर पाथुम निसांका और तेज गेंदबाज दिलशान मधुशंका की जगह लाहिरू कुमार व नुवानिडु फर्नांडो को शामिल किया गया है।

नुवानिडु फर्नांडो ने इस मैच के जरिये अपना वनडे डेब्‍यू किया। फर्नांडो वनडे क्रिकेट में श्रीलंका का प्रतिनिधित्‍व करने वाले 207वें खिलाड़ी बने। 13 अक्‍टूबर 1999 को कोलंबो में जन्‍मे नुवानिडु फर्नांडो ने भारत के खिलाफ दूसरे वनडे में ओपनिंग की और शानदार अर्धशतक जमाकर अपना डेब्‍यू यादगार बनाया। नुवानिडु फर्नांडो डेब्‍यू वनडे में अर्धशतक जमाने वाले श्रीलंका के छठें बल्‍लेबाज रहे।

श्रीलंका के लिए वनडे डेब्‍यू में अर्धशतक जमाने वाले बल्‍लेबाज

  • 74 - अशान प्रियंजन बनाम पाकिस्‍तान, 2013
  • 55 - चमारा सिल्‍वा बनाम ऑस्‍ट्रेलिया, 1999
  • 53* - सुनील वेट्टीमुनी बनाम ऑस्‍ट्रेलिया, 1975
  • 51 - कुसल मेंडस बनाम आयरलैंड, 2016
  • 50 - आशेन बंडारा बनाम वेस्‍टइंडीज, 2021
  • 50 - नुवानिडु फर्नांडो बनाम भारत, 2023*

सबसे युवा बल्‍लेबाज

नुवानिडु फर्नांडो ने 23 साल और 91 दिन में अर्धशतक जमाकर एक खास उपलब्धि अपने नाम की। वो वनडे डेब्‍यू में अर्धशतक जमाने वाले श्रीलंका के सबसे युवा बल्‍लेबाज बने। फर्नांडो ने इस मामले में सुनील वेट्टीमुनी को पीछे छोड़ा, जिनके नाम पहले यह रिकॉर्ड दर्ज था। सुनील ने 26 साल और 129 दिन की उम्र में अर्धशतक जमाया था।

निराश लौटना पड़ा पवेलियन

नुवानिडु फर्नांडो ने जहां अर्धशतक जमाकर अपनी काबिलियत दिखाई, वहीं वो रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। इससे उनकी अपरिपक्‍वता भी दिखी। किसी भी बल्‍लेबाज को सबसे बुरा लगता है कि वो रन आउट हुआ और नुवानिडु फर्नांडो अपने पहले ही मैच में इसका शिकार हुए। अक्षर पटेल द्वारा किए पारी के 22वें ओवर की पहली गेंद पर फर्नांडो ने मिडविकेट की दिशा में फ्लिक किया और एक रन लेने के लिए दौड़ पड़े।

मिडविकेट पर मौजूद शुभमन गिल ने दाएं ओर डाइव लगाई और विकेटकीपर की दिशा में तेजी से थ्रो फेंका। गिल को फूर्ति दिखाते देख नॉन स्‍ट्राइकर एंड पर मौजूद असलंका ने फर्नांडो को दोबारा क्रीज में जाने को कहा। नुवानिडु तब क्रीज से बहुत दूर थे। वो आसानी से रन आउट हो गए। नुवानिडु फर्नांडो ने 63 गेंदों में 6 चौके की मदद से 50 रन बनाए।

भारतीय गेंदबाजों का दमदार प्रदर्शन

फर्नांडो के आउट होने के बाद भारतीय गेंदबाजों ने पूरी तरह अपना दबदबा बनाया और श्रीलंका के हौसले पस्‍त कर दिए। खबर लिखे जाने तक श्रीलंका ने 35 ओवर में 8 विकेट खोकर 180 रन बना लिए हैं। भारत की तरफ से कुलदीप यादव ने तीन विकेट लिए। उमरान मलिक को दो जबकि मोहम्‍मद सिराज और अक्षर पटेल के खाते में एक-एक विकेट आया। बता दें कि भारतीय टीम मौजूदा सीरीज में 1-0 की बढ़त पर है।

यह भी पढ़ें: भारत-श्रीलंका के बीच दूसरे वनडे का लाइव स्‍कोर यहां देखें

यह भी पढ़ें: कुलदीप यादव को श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे में युजवेंद्र चहल की जगह क्‍यों मौका मिला? यहां जानें असली वजह