विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND W vs ZIM W: मंधाना ब्रिगेड करना चाहेगी सीरीज पर कब्जा, जिंबाब्वे को चमत्कार की जरुरत

Published: Sun, 25 Oct 2026 06:00 AM (IST)

भारत और जिंबाब्वे के बीच दूसरा वनडे रविवार को वड़ोदरा में खेला जाएगा। इस दौरान टीम इंडिया की नजर मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करने पर होगी।

भारतीय महिला बनाम जिंबाब्वे महिला

भारतीय महिला बनाम जिंबाब्वे महिला

HighLights

  1. भारत की नजर सीरीज जीतने पर

  2. भारत सीरीज में 1-0 से आगे

  3. भारत-जिंबाब्वे के बीच वड़ोदरा में दूसरा वनडे

प्रेट्र, वड़ोदरा। आत्मविश्वास से ओतप्रोत भारतीय महिला क्रिकेट टीम जिंबाब्वे के विरुद्ध रविवार को दूसरे वनडे में उतरेगी तो उसका इरादा सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बनाने पर होगी। टी-20 सीरीज 3-0 से जीतने के बाद भारत ने पहले वनडे में जिंबाब्वे को नौ विकेट से हराया।

स्पिनर श्री चरणी ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 23 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि प्रतिका रावल ने नाबाद 100 रन बनाए। पिच से मदद नहीं मिलने के बावजूद चरणी ने बेहद अनुशासित गेंदबाजी की।

भारतीय खिलाड़ियों का रहा दमदार प्रदर्शन

तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने भी तीन विकेट लिए जिसकी मदद से भारत ने जिंबाब्वे को 197 रन पर आउट कर दिया और 22 ओवर बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम संयोजन पर काम कर रहे भारतीय टीम प्रबंधन के लिए प्रतिका की पारी राहत की बात रही जिन्होंने बेहद आक्रामक बल्लेबाजी की।

उन्होंने कप्तान स्मृति मंधाना के साथ पहले विकेट के लिए 94 रन जोड़े और प्रति ओवर दस की औसत से रन बनाए। भारत को अपनी फील्डिंग पर काम करना होगा क्योंकि जिंबाब्वे की पारी की शुरूआत में दो कैच छूटे थे।

जिंबाब्वे के बल्लेबाजों ने धैर्य से काम किया लेकिन बीच के ओवरों में साझेदारी नहीं बन सकी जिस पर उन्हें काम करना होगा। चिपो मुगेरी तिरिपानो और माडेस्टर मुपाचिकवा जीवनदान का फायदा उठाने में नाकाम रहीं।

शार्न मायर्स ने अभी तक नाबाद 43, 9, 60 और आठ रन बनाए हैं जिनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। 17 वर्ष की बिलवेड बीजा का फार्म अहम होगा जिन्होंने पिछले दो मैचों में चार और 62 रन बनाए हैं।

मिशेल मावुंगा ने 23 गेंद में 29 रन बनाए जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल था। वह इस लय को कायम रखकर बड़ी पारी खेलना चाहेंगी।

भारत और जिंबाब्वे का स्क्वॉड

भारत: स्मृति मंधाना (कप्तान), यास्तिका भाटिया (ग्रविकेटकीपर), हरलीन देयोल, रिचा घोष (विकेटकीपर), प्रतिका रावल, तेजल हसब्निस, दीप्ति शर्मा (उपकप्तान), हरमनप्रीत कौर, सयाली सतघरे, शेफाली वर्मा, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह ठाकुर, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, वैष्णवी शर्मा।

जिंबाब्वे: जोसेफिन नकोमो (कप्तान), चिएद्जा धुरुरू (विकेटकीपर), शार्ने मेयर्स, मोडेस्टर मुपाचिक्वा (विकेटकीपर), बिलव्ड बीजा, न्याशा ग्वांजुरा, मिशेल मावुंगा, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, केलिस नधलोवु, ओलिन्दर चारे, कुदजई चिगोरा, फ्रांसिस्का चिपारे, तेंडाई मकुशा, लोरिन फिरी, नोमवेलो सिबांडा।

यह भी पढ़ें- मुंबई इंडियंस ने किया कायरन पोलार्ड का प्रमोशन, बनाए गए हेड कोच

यह भी पढ़ें- सामने आ गई WTC 2029 के फाइनल की तारीख, ओलंपिक क्रिकेट क्वालीफायर को लेकर भी आईसीसी ने लिया बड़ा फैसला