IND vs JPN: विश्व विजेता भारत से भिड़ेगा जापान, सामुराई हमले के डर से शुरू हुआ था देश में क्रिकेट
भारत और जापान के बीच 22 सितंबर 2026 को एक ऐतिहासिक क्रिकेट मैच खेला जाएगा, जिसका उद्देश्य जापान में क्रिकेट ...और पढ़ें

इंडिया वर्सेस जापान

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। 25 जून की तारीख भारतीय क्रिकेट में बहुत महत्वपूर्ण है, साल 1983 में इसी दिन हमने पहली बार विश्व कप जीता था। कम ही लोग जानते हैं कि इस जीत से ठीक 120 साल पहले जापान में पहला क्रिकेट मैच खेला गया था।
योकोहामा कंट्री एंड एथलेटिक क्लब के रिकॉर्ड्स के मुताबिक स्थानीय व्यापारियों ने समुराई के हमले से बचने के लिए क्रिकेट मैच की आड़ में ब्रिटिश व्यापारियों और रॉयल नेवी के नाविकों को मदद के लिए बुलाया था। हालांकि, ये हमला नहीं हुआ लेकिन मैच पूरा हो गया।
इंडिया वर्सेस जापान ऐतिहासिक मैच
मंगलवार 22 सितंबर 2026 को जापान की टीम भारतीय क्रिकेट टीम के सामने होगी और लक्ष्य एक बार फिर से मदद हासिल करना रहेगा। जापान में फुटबॉल और बेसबॉल जैसे खेलों के अनगिनत प्रशंसक हैं और इनके बीच में क्रिकेट अभी अपनी जमीन तलाश रहा है, ऐसे में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक भारतीय टीम से खेलकर जापान नए दर्शकों को जोड़ना चाहता है।
टोक्यो से सौ किलोमीटर दूर सानो में होने वाले इस मैच में उतरने वाली जापानी टीम के ज्यादातर खिलाड़ी दूसरी पीढ़ी के जापानी नागरिक हैं। कप्तान केंडल काडोवाकी फ्लेमिंग और उनके भाई एलेस्टर काडोवाकी फ्लेमिंग, डेक्लान सुजुकी मैक्कांब की जड़ें ऑस्ट्रेलिया में हैं जबकि स्पिनर इब्राहिम ताकाहाशी के पिता इस्लामाबाद के रहने वाले थे।
जापान क्रिकेट का कुल बजट
दोनों देशों की क्रिकेट का अंतर इस बात से भी समझ सकते हैं कि जापान अपनी पूरी क्रिकेट पर 20 लाख अमेरिकी डॉलर (19 करोड़ भारतीय रुपये) खर्च करता है जबकि भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने साल 2026 में सिर्फ आईपीएल से 31 लाख अमेरिकी डॉलर (लगभग 30 करोड़ भारतीय रुपये) कमाए थे।
दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के अवसर पर हाल ही में घोषित हुए इस मैच को एशियाई खेलों में भारतीय टीम का सफर शुरू होने से ठीक पहले कराया जा रहा है। भारतीय टीम टी-20 की मौजूदा विश्व चैंपियन है जबकि जापान की रैंक 41वीं है, ऐसे में मुकाबले के एकतरफा रहने की पूरी संभावना है लेकिन जापानी क्रिकेटरों के लिए यह निश्चित तौर पर बेहतरीन अनुभव होगा।
जापान की टीम
केंडल काडोवाकी फ्लेमिंग (कप्तान), चार्ली हारा-हिंजे, बेंजामिन इटो डेविस, एलेस्टर काडोवाकी फ्लेमिंग, कोहेइ कुबोटा, जेक कुसुडा नाइर्न, वाटारु मियाउची (विकेटकीपर), रेओ साकुरानो-थामस, एलेक्स शिराइ पैटमोर (विकेटकीपर), शोमा सुगाया स्लेटर, डेक्लान सुजुकी मैक्कांब, सुयोशी टकाडा, इब्राहिम ताकाहाशी, मकोटो टानियामा, लैचलन यामामोटो लेक
भारत की टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, ईशान किशन, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, यश ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, विप्रज निगम, वैभव सूर्यवंशी।
यह भी पढ़ें- श्रेयस अय्यर को जापान के खिलाफ मैच से पहले सता रहा है एक डर, नए देश की नई हवा पर जमकर की बात
यह भी पढ़ें- भारत अंडर-19 ने ऑस्ट्रेलिया को बुरी तरह हराया, यशबर्धन चौहान और वीरेंद्र सहवाग के बेटे रहे जीत के हीरो
