Asian Games 2026: भारत कैसे अंतिम-4 में पहुंचा, सेमीफाइनल में किसके साथ होगी टक्कर?
भारतीय टीम ने बिना मैच खेले ही एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारत और अफगानिस्तान के बीच मुकाबला बारिश के कारण रद हो गया।

वैभव सूर्यवंशी
HighLights
बारिश से धुला मैच, सेमीफाइनल में पहुंचा भारत
अफगानिस्तान के विरुद्ध क्वार्टर फाइनल रद
बेहतर रैंकिंग के कारण सेमीफाइनल में पहुंचा भारत
प्रेट्र, नागोया। भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने बिना मैच खेले एशियाई खेलों के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। अफगानिस्तान के विरुद्ध भारतीय टीम का क्वार्टर फाइनल मैच बारिश से धुलने के बाद बेहतर रैंकिंग के आधार पर भारतीय टीम को सेमीफाइनल में प्रवेश मिल गया।
भारतीय टीम अभी दुनिया में नंबर एक रैंक पर है जबकि अफगानिस्तान की टीम 10वें स्थान पर।सेमीफाइनल मुकाबले में मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम नेपाल और श्रीलंका के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से भिड़ेगी। अगर नेपाल और श्रीलंका का मैच भी बारिश से धुला तो बेहतर रैंकिंग के आधार पर श्रीलंका की टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी।
नागोया में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है और इसी के चलते सोमवार को एक भी गेंद फेंकना संभव नहीं हो पाया। पाकिस्तान और हांगकांग के बीच हुआ क्वार्टर फाइनल भी बारिश से धुल गया था जिससे पाकिस्तान को सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश मिल गया।
भारतीय टीम कप्तान श्रेयस अय्यर और कोच वीवीएस लक्ष्मण की अगुवाई में एशियाई खेलों में आई है। टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर अभी वेस्टइंडीज के विरुद्ध चल रही वनडे सीरीज में टीम के साथ हैं। एशियाई खेलों की भारतीय टीम में जसप्रीत बुमराह और युवा वैभव सूर्यवंशी जैसे बड़े नाम मौजूद हैं।
