भारतीय टीम की बल्लेबाज ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा, 5 सालों से टीम इंडिया में नहीं मिला था मौका
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी बल्लेबाज पूनम राउत ने 12 साल से अधिक समय तक देश की सेवा करने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की है।

पूनम राउत

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की बल्लेबाज पूनम राउत ने इंटरनेशनल क्रिकेट से अलविदा कह दिया है। राउत ने 12 साल से ज्यादा समय तक भारतीय क्रिकेट को अपनी सेवाएं दी। इसके बाद उन्होंने गुरुवार, 15 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर अपने संन्यास का एलान किया।
पूनम ने साल 2009 में भारत के लिए डेब्यू किया था, जिसके बाद वे 2021 में आखिरी बार भारतीय टीम के लिए खेलती हुई दिखाई दी थी। लगभग पांच सालों तक टीम इंडिया से दूर रहने के बाद राउत ने रिटायरमेंट का एलान किया। इस दौरान उन्होंने अपनी जर्नी में साथ देने वालों का धन्यवाद दिया। वे वर्ल्ड कप 2017 का फाइनल खेलने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थीं, जहां भारत को 9 रनों से इंग्लैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
पूनम राउत ने किया संन्यास का एलान
पूनम ने अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए संन्यास का एलान किया। उन्होंने लिखा, "ये एक आखिरी बार उस छोटी लड़की के लिए जिसने सपने देखने की हिम्मत की। मुंबई की सड़कों से लेकर भारत की जर्सी पहनने तक का सफर किसी आशीर्वाद से कम नहीं रहा। ये सफर त्याग, संघर्ष, मुश्किल सबक और ऐसे पलों से भरा रहा है, जिसमें मैं अपने जिंदगी भर याद रखूंगी। भारत के लिए खेलना मेरे लिए सपना पूरा होना ही नहीं था बल्कि ये एक ऐसी खुशनसीबी थी, जिसके लिए मुझे गर्व है।"
उन्होंने आगे लिखा, "मैं अब अपने इस इंटरनेशनल क्रिकेट करियर का अध्याय समाप्त कर रही हूं। मेरा दिल उन सभी के लिए शुक्रगुजार है, जिन्होंने मेरे ऊपर विश्वास किया, मेरे साथ खड़े रहे और इस शानदार जर्नी का हिस्सा बने। क्रिकेट ने मुझे करियर ही नहीं बल्कि एक मकसद, एक पहचान और एक परिवार दिया। मेरे अंदर का खिलाड़ी भले ही पीछे हट जाए लेकिन इस खेल के लिए प्यार कभी भी खत्म नहीं होगा। मेरी अगली इसी खेल को सबकुछ देने के बारे में है, जिसने मुझे सबकुछ दिया है।"
पूनम राउत का करियर
पूनम ने भारत के लिए सभी फॉर्मेट में 3,282 रन बनाए हैं। उन्होंने 73 वनडे मैचों में 2,299 रन और 35 टी20 मैचों में 719 रन बनाए हैं। इसके अलावा चार टेस्ट मैच खेलते हुए उनके बल्ले से 264 रन निकले हैं। अपने इंटरनेशनल करियर के दौरान उन्होंने कुल चार शतक जड़े, जिसमें तीन वनडे और एक टेस्ट में शामिल है।
