IND A vs AUS A: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में भिड़ेगी टीम इंडिया, हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी ने बढ़ाई कप्तान गायकवाड़ की टेंशन
भारत-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए के बीच मंगलवार से शुरू हो रही वनडे सीरीज में युवा तेज गेंदबाजों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

ऋतुराज गायकवाड़ (फोटो: BCCI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, पुडुचेरी। युवा तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह, अरशद खान और यश ठाकुर के लिए ऑस्ट्रेलिया-ए के विरुद्ध मंगलवार से शुरू हो रही तीन मैचों की अनौपचारिक वनडे सीरीज खुद को साबित करने का बड़ा मौका देगी, क्योंकि ये गेंदबाज राष्ट्रीय टीम में तेज गेंदबाजी विभाग में मौजूदा संसाधनों की कमी के बीच दावेदारी पेश करना चाहेंगे।
दिग्गज हरफनमौला हार्दिक पांड्या की वापसी को लेकर इस सीरीज की काफी उत्सुकता थी, लेकिन दाहिनी पिंडली की चोट के कारण वह अनिश्चितकाल के लिए बाहर हो गए हैं। तेज गेंदबाजी करने वाले हरफनामौला खिलाड़ियों की बात करें तो भारतीय क्रिकेट में फिलहाल विकल्प सीमित हैं। पांड्या के अलावा नीतिश कुमार रेड्डी और सूर्यांश शेडगे प्रमुख विकल्पों में शामिल हैं।
हार्दिक पांड्या की नहीं हो सकी वापसी
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपना रिहैब पूरा करने वाले शेडगे को पांड्या की जगह भारत-ए टीम में शामिल किया गया है। नमन धीर के वेस्टइंडीज सीरीज के लिए भारत की टी-20 अंतरराष्ट्रीय टीम से जुड़ने के बाद लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे अनुकूल राय को ए टीम में शामिल किया गया है।
ऋतुराज गायकवाड़ की अगुआई वाली इस भारत ए टीम में बल्लेबाजी का अनुभव भरपूर है। कप्तान गायकवाड़ के अलावा देवदत्त पडिक्कल, बी साई सुदर्शन और रजत पाटीदार सीनियर भारतीय टीम के लिए खेल चुके हैं। हालांकि प्रज्ञान ओझा की अगुवाई वाली राष्ट्रीय चयनकर्ताओं के लिए बड़ी चिंता ए टीमों के रास्ते वनडे क्रिकेट के लिए अच्छे गेंदबाज तैयार करने की है।
भारत ए टीम की एक खास बात यह है कि गुरजपनीत और अरशद दोनों बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं, जबकि यश ठाकुर दाएं हाथ से गेंदबाजी करते हैं।
भारत-ए की टीम
ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, बी. साई सुदर्शन, प्रियांश आर्या, कुमार कुशाग्र , सूर्यांश शेडगे, रजत पाटीदार, प्रभसिमरन सिंह, अर्शिन कुलकर्णी, निशांत सिंधु, विपराज निगम, यश ठाकुर, गुरजपनीत सिंह, अरशद खान और अनुकूल राय।
आस्ट्रेलिया-ए की टीम
आरोन हार्डी, सैम कोंस्टास, नाथन मैकस्वीनी, लाचलान शॉ, रिले मेरेडिथ, बेन ड्वारशुइश, निखिल चौधरी, महली बेयरडमैन, मिच ओवेन, जैक एडवर्ड्स, तनवीर संघा, स्पेंसर जॉनसन, टॉड मर्फी और विल सदरलैंड।
यह भी पढ़ें- ब्राजील के खिलाफ हार से सबक लेकर उरुग्वे से भिड़ने को तैयार भारत, कोलकाता में होगा मुकाबला
