विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

India v West Indies: ईडन में खेला होबे, भारत को वेस्टइंडीज पर जीत की जरूरत

By Abhishek TripathiEdited By: Priyanka Joshi
Published: Sun, 01 Mar 2026 08:43 AM (IST)

India v West Indies: कोलकाता के ईडन गार्डन्स में भारत और वेस्टइंडीज के बीच सुपर-8 का निर्णायक मैच खेला जाएगा, ...और पढ़ें

IND vs WI: भारत का आज ईडन गार्डन में वेस्टइंटडीज से सामना

IND vs WI: भारत का आज ईडन गार्डन में वेस्टइंटडीज से सामना

HighLights

  1. आज सुपर-8 का मैच कोलकाता में 

  2. IND vs WI: भारत को वेस्टइंडीज पर जीत की जरूरत

  3. बल्लेबाजी नहीं अब गेंदबाजी बनी चिंता

अभिषेक त्रिपाठी , जागरण कोलकाता। पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग की स्पेशल इंटेसिव रिवीजन (सर) की फाइनल लिस्ट आने की गहमागहमी के बीच भारतीय टीम रविवार को कोलकाता के ईडन गार्डेंस में अपने सुपर-8 के आखिरी मैच में वेस्टइंडीज (India v West Indies) को हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की करनी चाहेगी।

वेस्टइंडीज की दक्षिण अफ्रीका से हार और भारत की जिंबाब्वे पर जीत ने ग्रुप-1 के सुपर-8 के इस मैच को दोनों टीम के क्वार्टर फाइनल की तरह बना दिया है, क्योंकि जो भी इस मैच को जीतेगा वह अंतिम-4 में प्रवेश करेगा। इस मैच के विजेता को पांच मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे सेमीफाइनल में खेलने का मौका मिलेगा। 

बल्लेबाजी फॉर्म में आई 

जिंबाब्वे के खिलाफ भारत (India National Cricket Team) ने 250 से ज्यादा का स्कोर बनाकर दिखा दिया कि उसके बल्लेबाज फार्म में आ गए हैं। यही नहीं ओपनिंग में संजू सैमसन की वापसी से बाएं हाथ के बल्लेबाजों पर निर्भरता की अति में भी कुछ कमी आई है।

संजू ने केवल 24 रन बनाए लेकिन उन्होंने जिस तरह से बल्लेबाजी की उससे कोच गौतम गंभीर (Coach Gautam Gambhir) संतुष्ट नजर आए। उनकी वजह से लगातार तीन बार शून्य पर आउट होने वाले अभिषेक का आत्मविश्वास बढ़ा और उन्होंने अर्धशतक ठोककर वापसी की। तीन नंबर पर लगातार फेल हो रहे तिलक वर्मा को भी छठे नंबर पर उतारने का फैसला सही साबित हुआ। उन्होंने नंबर छह की अपनी नई भूमिका में नए इरादे के साथ बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंदों में 44 रन बनाए।

गेंदबाजी ने टेंशन बढ़ाई

एक तरफ भारत की बल्लेबाजी फार्म में आ गई तो दूसरी ओर गेंदबाजी ने चिंता बढ़ा दी है। कोलकाता पहुंची भारतीय टीम ने शनिवार को ईडन में जमकर अभ्यास किया। तिलक वर्मा भी गेंदबाजी करते नजर आए तो कोच गौतम गंभीर को कुलदीप यादव से बात करते देखा गया। वरुण ने पिछले दो मैचों में जिस तरह से गेंदबाजी की है उसे देखते हुए कुलदीप को यहां मौका दिया जाना चाहिए। हालांकि, स्पिनर वरुण यहां कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए खूब खेलते हैं।

यह उनका जांचा-परखा मैदान है। यही नहीं कोच गौतम गंभीर ने भी कप्तान और कोच रहते हुए यहां की आईपीएल टीम को खिताब दिलाया है। अगर फार्म की बात की जाए तो इस रहस्यमयी स्पिनर की गेंदों में कोई रहस्य नहीं दिखाई दे रहा है। वह बहुत ज्यादा प्रयोग कर रहे हैं।

चक्रवर्ती ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चार ओवर में 47 रन लुटाए थे। कुलदीप ने इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान के विरुद्ध सिर्फ एक मैच खेला था। वरुण की तरह कुलदीप ने भी आइपीएल करियर के अधिकतर मैच कोलकाता नाइटराइडर्स की तरफ से इसी मैदान पर खेले हैं। ऐसे में वह कमाल दिखा सकते हैं।  

शिवम की गेंदबाजी चिंता का विषय

जिंबाब्वे के खिलाफ बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अच्छी गेंदबाजी की। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या भी अच्छी फार्म में हैं लेकिन आलराउंडर शिवम दुबे ने जिस तरह से दो ओवर में 46 रन दिए उससे टीम प्रबंधन काफी निराश दिखा। उन्होंने 10 गेंदों का एक ओवर फेंका। ईडन की पिच पर दुबे की मध्यम गति की गेंदबाजी वेस्टइंडीज के सामने उलटी पड़ सकती है। 

हालांकि टीम प्रबंधन के लिए शिवम दुबे को बाहर करना आसान नहीं होगा क्योंकि उससे भारत की बल्लेबाजी सात नंबर तक सिमट जाएगी। 

खूंखार हैं वेस्टइंडीज के बल्लेबाज

वेस्टइंडीज (West Indies National Cricket Team) ने इस टूर्नामेंट का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाया है। उसके बल्लेबाजों ने जिंबाब्वे की धज्जियां उड़ा दी थीं। भारत की तरह दक्षिण अफ्रीका के सामने कैरेबियाई बल्लेबाजों को कुछ दिक्कत हुई थी लेकिन उस मैच में उसकी बल्लेबाजी की गहराई का पता चला था। वहां नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए उतरे रोमारियो शेफर्ड ने नाबाद अर्धशतक लगाया था। शिमरोन हेटमायर का नंबर तीन पर आना भी अच्छा फैसला रहा है।

IND vs WI: हेड-टू-हेड

1983 के बाद से वेस्टइंडीज ने ईडन गार्डेंस में किसी भी अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत को नहीं हराया है, दो मैच ड्रॉ रहे और नौ मैच हारे हैं, जिनमें चार टी-20 मैच शामिल हैं।

2016 में वेस्टइंडीज ने टी-20 विश्व कप जीतने के बाद से आइसीसी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह नहीं बनाई है।

वरुण अब भी नंबर एक टी-20 गेंदबाज हैं

वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डेरेन सैमी ने रविवार को ईडन गार्डेंस में टी-20 विश्व कप में भारत के विरुद्ध अपने वर्चुअल क्वार्टर फाइनल से पहले कहा कि पिछले दो मैच में रन लुटाने के बावजूद वरुण चक्रवर्ती टी-20 क्रिकेट में दुनिया के नंबर एक गेंदबाज बने हुए हैं। चक्रवर्ती ने दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध अपने चार ओवर में 47 रन दिए। 

भारत के पिछले सुपर आठ मैच में जिंबाब्वे जैसी कमजोर टीम के विरुद्ध भी उन्हें संघर्ष करना पड़ा। लेकिन सैमी ने साफ किया कि कुछ खराब प्रदर्शन से चक्रवर्ती का नंबर एक गेंदबाज होने का रुतबा कम नहीं होता। सैमी ने शनिवार को मैच से पहले मीडिया से बातचीत में कहा कि पिछली बार जब मैंने देखा था तो मुझे लगता है कि वह टी-20 क्रिकेट में नंबर एक गेंदबाज थे। हम हर प्रतिद्वंद्वी टीम का सम्मान करते हैं। हमारे पास हर गेंदबाज के विरुद्ध और उनके हर बल्लेबाज के विरुद्ध योजना है।

IND vs WI: दोनों टीम इस प्रकार हैं

भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, इशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह।

वेस्टइंडीज: शाई होप (कप्तान), जानसन चार्ल्स, शिमरोन हेटमायर, ब्रैंडन किंग, रोवमैन पावेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैंपसन, रोस्टन चेस, जेसन होल्डर, रोमारियो शेफर्ड, मैथ्यू फोर्डे, अकील हुसैन, शमर जोसेफ, गुडाकेश मोती और जेडन सील्स।

यह भी पढ़ें- IND vs WI: तिलक वर्मा किस नंबर पर करेंगे बल्लेबाजी? अहम मैच से पहले भारत की प्‍लेइंग 11 पर आया बड़ा अपडेट

यह भी पढ़ें- IND vs WI Pitch Report: कोलकाता में होगी रनों की बारिश या गेंदबाजों का बोलबाला? ईडन गार्डन्स की पिच का ऐसा रहेगा मिजाज