रिंकू-पाटीदार सहित वेस्टइंडीज के खिलाफ भारतीय टीम में जगह पाने के हकदार थे ये 5 खिलाड़ी, चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने किया इग्नोर
बीसीसीआई ने वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली टी20 और वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का एलान कर दिया है। ...और पढ़ें

भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो: BCCI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का एलान हो गया है। व्यस्त शेड्यूल होने की वजह से बीसीसीआई ने स्क्वाड में कई बदलाव किए हैं। टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर एशियन गेम्स की वजह से वनडे सीरीज नहीं खेल पाएंगे। उनकी जगह ऋतुराज गायकवाड़ को शामिल किया गया है। वनडे टीम में नमन धीर और आकिब नबी को पहली बार जगह मिली है।
दूसरी तरफ टी20 टीम में लगभग वहीं खिलाड़ी शामिल हैं, जो एशियन गेम्स में खेलते दिखेंगे। हालांकि, टी20 टीम में मयंक यादव और प्रिंस यादव की वापसी हुई है, जो एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम के साथ नहीं जाएंगे। इसके अलावा बीसीसीआई ने कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें टीम का हिस्सा नहीं बनाया है लेकिन वे टीम में जगह पाने के हकदार थे।
वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में इन खिलाड़ियों को नहीं मिला मौका-
1. ऋषभ पंत
विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी वनडे टीम में वापसी नहीं हो पा रही है। पंत को 27 सितंबर से शुरू हो रही वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में नहीं चुना गया है। पंत को ईरानी कप के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया का कप्तान बनाया गया है लेकिन उन्हें वनडे टीम में जगह नहीं मिली है। दूसरे विकेटकीपर के तौर पर ध्रुव जुरैल को शामिल किया गया है। हालांकि, पंत वनडे टीम में जगह पाने के हकदार थे लेकिन उन्हें टीम में जगह नहीं मिली।
2. मोहम्मद शमी
तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के चयन को लेकर स्थिति कुछ भी स्पष्ट नहीं है। उन्होंने रणजी ट्रॉफी और दलीप ट्रॉफी में मैच खेलकर अपनी मैच फिटनेस साबित कर दी है। इसके बावजूद उन्हें टीम में नहीं चुना जा रहा है। शमी ने टीम इंडिया के लिए वनडे फॉर्मेट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है लेकिन अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति उन्हें लगातार इग्नोर कर रही है। वे वनडे टीम में जगह पाने के हकदार थे लेकिन उन्हें नहीं चुना गया है। इससे ये संकेत भी मिल रहे हैं कि उनके लिए शायद भारतीय टीम का दरवाजा बंद हो चुका है।
3. रजत पाटीदार
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दो बार आईपीएल चैंपियन बनाने वाले रजत पाटीदार को एक बार फिर इग्नोर किया गया। उन्होंने कप्तानी ही नहीं बल्कि अपनी बल्लेबाजी से भी आईपीएल 2026 में सभी को प्रभावित किया। हालांकि, इसके बावजूद उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं मिली है। पाटीदार को लगातार इग्नोर किया जा रहा है और अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया।
4. क्रुणाल पांड्या
क्रुणाल पांड्या भारत के लिए टी20 और वनडे भी खेल चुके हैं। हालांकि, वे पांच सालों से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। पांड्या ने आईपीएल 2026 में बल्ले और गेंद के साथ शानदार कार्य किया था। उनके वापसी की भी चर्चा हुई थी और ऐसी खबरें सामने आईं थी कि अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में मौका मिल सकता है। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ और एक बार फिर उन्हें टीम से बाहर ही रखा गया है।
5. रिंकू सिंह
स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह को भी भारतीय टी20 टीम में जगह नहीं मिली है। उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम में शामिल किया गया था लेकिन उसके बाद अफगानिस्तान और फिर अब वेस्टइंडीज के खिलाफ भी टी20 सीरीज में उन्हें जगह नहीं मिली है। रिंकू ने भारतीय टीम के लिए टी20 फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन किया है लेकिन इसके बावजूद उन्हें अगरकर ने टीम में नहीं चुना है।
