विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 14, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

IND vs PAK Preview: पाकिस्तान के विरुद्ध ऑपरेशन 'सूर्य', भारत और पाक के बीच हाई वोल्टेज मुकाबला आज

Published: Sun, 14 Sep 2025 07:00 AM (IST)

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने जिस तरह पाकिस्तान को आपरेशन सिंदूर से दहला दिया था उसी तरह ...और पढ़ें

दोनों टीमों के बीच होगी कांटे की टक्‍कर।
दोनों टीमों के बीच होगी कांटे की टक्‍कर।

 अभिषेक त्रिपाठी, जागरण। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने जिस तरह पाकिस्तान को आपरेशन सिंदूर से दहला दिया था उसी तरह सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली भारतीय क्रिकेट टीम यहां रविवार को एशिया कप में पड़ोसी देश की टीम को ऑपरेशन सूर्य के जरिये पस्त करेगी। कागज और जमीन दोनों में पाकिस्तानी टीम कहीं भी भारतीय टीम के सामने मुकाबले में नजर नहीं आ रही है।

भारत के पास शुभमन गिल, सूर्यकुमार, अभिषेक शर्मा जैसे बल्लेबाज के साथ जसप्रीत बुमराह जैसा तेज गेंदबाज है। टीम में अक्षर पटेल, हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे जैसे ऑलराउंडर के साथ कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती जैसे बेहतरीन स्पिनर मौजूद हैं।

वहीं नए कप्तान सलमान अली आगा के नेतृत्व वाली पाकिस्तानी टीम किसी तरह मुकाबले में बने रहने की कोशिश करेगी। हालांकि इस प्रारूप में उलटफेर की संभावना हमेशा बनी रहती है, लेकिन यह मैच भारतीय टीम की पकड़ से तभी बाहर जाएगा जब वह बहुत ज्यादा खराब प्रदर्शन करे।

नई पाकिस्तानी टीम को रौंदने में आएगा मजा

भले ही भारत में इस मैच को बॉयकॉट करने की मुहिम चल रही है। इस मैच के आयोजन को लेकर बीसीसीआई और इसमें खेलने की अनुमति देने के कारण केंद्र सरकार निशाने पर है लेकिन जिस समय सूर्य की सेना पड़ोसी देश की टीम को धूल चटाएगी उस समय भारत में पटाखे फूटते हुए जरूर दिखाएंगे।

भारतीय टीम को अगर वाकई में देश के जख्मों पर मरहम लगाना है तो उसे यह मैच हर कीमत पर जीतना होगा। अगर पाकिस्तानी टीम की बात करें तो उसके सबसे प्रतिभाशाली बल्लेबाजों में से एक सैम अयूब, मध्यक्रम के बल्लेबाज हसन नवाज और अबरार अहमद, सूफियान मुकीन व मोहम्मद नवाज की स्पिन तिकड़ी कुछ दम दिखाने की कोशिश करेगी। पाकिस्तान पर यह भी दबाव है कि वे दिखा सकें कि उन्होंने टीम से निकाले गए बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान पर निर्भरता त्याग दी है।

मैच को लेकर जुनून गायब

जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 पर्यटक मारे गए थे जिससे हाल में दोनों देशों के बीच संबंधों में कड़वाहट भर गई। इसके बाद हुए आपरेशन सिंदूर और जनता के गुस्से ने महाद्वीपीय क्रिकेट के इस सबसे हाई-प्रोफाइल मैच को फीका बना दिया।

मैच के हजारों टिकट अब भी उपलब्ध हैं। मैच को लेकर पहले की तरह उत्साह भी गायब है। इंटरनेट मीडिया पर अपील की जा रही हैं कि भारत इस मैच का बहिष्कार करें। डर की वजह से मेजबान होने के बावजूद बीसीसीआई के अधिकतर पदाधिकारियों ने इस मैच से किनारा कर लिया है।

इस साल की शुरुआत में यहीं चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान दोनों देशों के बीच हुए मैच में बड़ी संख्या में बीसीसीआई और उसके राज्य संघों के पदाधिकारी मौजूद थे। भारत सरकार ने बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में राष्ट्रीय टीम को अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी के विरुद्ध मैच खेलने की अनुमति दी है लेकिन द्विपक्षीय स्तर पर ऐसा नहीं होगा। दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने राजनीति से जुड़े मीडिया के किसी भी सवाल को सिरे से खारिज कर दिया है।

दोनों टीमों के स्पिनरों की अहम भूमिका होगी

आमतौर पर भारत-पाक मैच में भारतीय बल्लेबाजों और पाकिस्तानी तेज गेंदबाजों के बीच मुकाबला होता है लेकिन इस बार दोनों टीमों के स्पिनरों की अहम भूमिका होगी, जबकि जसप्रीत बुमराह और शाहीन शाह अफरीदी ही एकमात्र विशेषज्ञ तेज गेंदबाज हैं जो रविवार को मैदान में उतरेंगे। हालांकि, पिच में ज्यादा टर्न नहीं है लेकिन दोनों टीमों में एक-एक दाएं हाथ के कलाई के स्पिनर और एक-एक बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर की मौजूदगी एक दिलचस्प कहानी बनाती है।

सूफियान मुकीम एक अच्छे गेंदबाज हैं लेकिन कुलदीप यादव जैसे चतुर गेंदबाज के आस-पास भी नहीं हैं जिनकी गुगली खेलना आसान नहीं है। अबरार अहमद की लेग-ब्रेक और विकेट लेने के अनोखे अंदाज से पाकिस्तान में उनके प्रशंसकों की तादाद बढ़ी है, लेकिन वरुण चक्रवर्ती की रहस्यमयी गेंदबाजी पाकिस्तान के बल्लेबाजों के लिए खतरनाक हो सकती है।

वह सैम अयूब और साहिबजादा फरहान जैसे युवाओं के लिए मुश्किल साबित हो सकते हैं जो स्पिनरों को समझ नहीं पा रहे हैं। बाए हाथ के स्पिनर मोहम्मद नवाल आइसीसी रैंकिंग में 30वें स्थान पर हैं लेकिन अक्षर पटेल के मुकाबले कहीं नहीं टिकते। अक्षर भारतीय टीम में सबसे अहम हैं लेकिन लो प्रोफाइल खिलाड़ी हैं।

भारत का बल्लेबाजी क्रम चिंतित करेगा

पाकिस्तान को गेंदबाजी से ज्यादा भारत का बल्लेबाजी क्रम चिंतित करेगा। गिल, अभिषेक, संजू सैमसन, सूर्यकुमार, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे अगर चल जाएं तो किसी भी गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ा सकते हैं। ऑलराउंडरों की बात करें तो फहीम अशरफ की हार्दिक से कोई तुलना ही नहीं है। भारत को पाकिस्तानी लाइन-अप में किसी एक गेंदबाज से सावधान रहना है तो वह शाहीन ही हैं जिनकी 2021 में इस मैदान पर यादगार यादें हैं।

उन्होंने केएल राहुल, रोहित शर्मा और कुछ ओवर बाद विराट कोहली को आउट करके अपने देश को टी20 विश्व कप ग्रुप लीग मैच में शानदार जीत दिलाई थी। लेकिन घुटने की सर्जरी के बाद शाहीन की लेट स्विंग और आफ द पिच मूवमेंट गायब हो गए हैं। भारत के लिए आदर्श बल्लेबाजी लाइन-अप का पता लगाना ही अहम होगा। संजू सैमसन और दुबे का बल्लेबाजी क्रम में स्थान महत्वपूर्ण होगा।

भारतीय टीम

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन, रिंकू सिंह।

पाकिस्तान टीम

फखर जमां, हसन नवाज, खुशदिल शाह, साइम अयूब, सलमान आगा, हुसैन तलत, फहीम अशरफ, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद हारिस, साहिबजादा फरहान, अबरार अहमद, हारिस रऊफ, हसन अली, सलमान मिर्जा, शाहीन अफरीदी, सुफियान मुकीम, मोहम्मद वसीम जूनियर।

नंबर गेम

  • 20वीं बार एशिया कप में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा।
  • 2022 में यूएई में हुए एशिया कप में पाकिस्तान को भारत पर आखिरी जीत मिली थी।

अभिषेक बनाम शाहीन

भारत के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। शुरुआत से ही बड़े-बड़े शाट खेलने में माहिर अभिषेक को पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी चुनौती देंगे। शाहीन नई गेंद से शुरुआती विकेट लेने में बेहद खतरनाक साबित होते हैं।

गिल बनाम राऊफ

भारतीय ओपनर शुभमन गिल बेहतरीन फार्म में हैं और लगातार बड़ी पारियां खेल रहे हैं। उनके सामने होंगे पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस राऊफ, जो तेजी और सटीकता से विकेट लेने के लिए जाने जाते हैं। गिल को रन बनाने के साथ-साथ संभलकर बल्लेबाजी करनी होगी।

हार्दिक बनाम सलमान

भारतीय आलराउंडर हार्दिक पांड्या और पाकिस्तान के भरोसेमंद मिडिल आर्डर बल्लेबाज सलमान अली आगा के बीच टक्कर दिलचस्प होगी। दोनों ही खिलाड़ी बल्ले और गेंद दोनों से मैच का पासा पलटने की क्षमता रखते हैं।

बुमराह बनाम सैम

भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अपनी शानदार गेंदबाजी और किफायती ओवरों के लिए जाने जाते हैं। उनके सामने होंगे पाकिस्तान के युवा बल्लेबाज सैम अय्यूब, जो टिककर खेलने की कोशिश करेंगे। लेकिन बुमराह की गेंदों का सामना करना उनके लिए आसान नहीं होगा।

कुलदीप बनाम फखर

भारत के चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव अपनी गुगली और टर्न से बल्लेबाजों को खूब परेशान करते हैं। बीच के ओवरों में विकेट निकालना उनकी ताकत है। पाकिस्तान के भरोसेमंद बल्लेबाज फखर जमां को उनके सामने बेहद सतर्क रहना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें- Asia Cup 2025: 'बॉयकॉट' के बीच पाकिस्तान को हराने उतरेगा भारत!, फैंस में जोश की कमी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।