विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs NZ: क्राइस्टचर्च में भी होंगे वेलिंग्टन जैसे हालात, WTC फाइनल के लिए भारत की राह होगी मुश्किल

By Abhishek TripathiEdited By: Praveen Kumar Mishra
Published: Wed, 25 Nov 2026 05:00 AM (IST)

वेलिंग्टन में पहला टेस्ट ड्रॉ होने के बाद भारतीय टीम क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा और आखिरी टेस्ट खेलने को तैयार है, जो WTC फाइनल की दौड़ के लिए बेहद अहम है। 

भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो: BCCI)

भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो: BCCI)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

अभिषेक त्रिपाठी, क्राइस्टचर्च। वेलिंग्टन में पहला टेस्ट ड्रॉ रहने के बाद भारतीय टीम की निगाहें अब शुक्रवार से क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में शुरू होने वाले दूसरे और आखिरी टेस्ट पर टिक गई हैं। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल की दौड़ में पिछड़ रही भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है।

ऐसे में टीम प्रबंधन की कोशिश होगी कि न्यूजीलैंड के विरुद्ध सीरीज के इस निर्णायक मुकाबले में जीत दर्ज कर डब्ल्यूटीसी की उम्मीदों को मजबूती दी जाए। भारतीय टीम मंगलवार को क्राइस्टचर्च पहुंच गई। यहां भी परिस्थितियां काफी हद तक वेलिंग्टन जैसी रहने की उम्मीद है।

मैच से पहले बारिश का अनुमान

मैच से एक दिन पहले हल्की बारिश का अनुमान है, लेकिन उसके बाद पांचों दिन धूप खिलने की संभावना जताई गई है। सूत्रों के अनुसार, भारतीय टीम दूसरे टेस्ट में एक बदलाव के साथ उतर सकती है। अंशुल कंबोज या प्रसिद्ध कृष्णा में से किसी एक की जगह गुरनूर बराड़ को अंतिम एकादश में मौका मिल सकता है।

गुरनूर ने हाल ही में न्यूजीलैंड के विरुद्ध वनडे सीरीज में प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। उन्होंने तीन मैचों में नौ विकेट चटकाकर अपनी उपयोगिता साबित की थी। उनकी गेंदबाजी में गति और उछाल को देखते हुए टीम प्रबंधन उन्हें टेस्ट में आजमाने पर विचार कर सकता है। हालांकि अंतिम एकादश को लेकर फैसला पिच और मैच से पहले की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर ही लिया जाएगा।

तेज गेंदबाजों को शुरुआत में मिल सकती है मदद

हेगले ओवल की पिच पर भी तेज गेंदबाजों को शुरुआती मदद मिलने की उम्मीद है। मैदान के मुख्य क्यूरेटर जेडेन टोहील की तबीयत खराब होने के कारण पिच तैयार करने की जिम्मेदारी फिलहाल उनके सहयोगी और दूसरे नंबर के अधिकारी ऐश हेड संभाल रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में पिच को लेकर उठे सवालों का हेगले ओवल की तैयारी पर कोई असर नहीं पड़ा है। यहां पिच को परंपरागत अंदाज में ही तैयार किया जा रहा है।

हेड ने बताया कि पिच पर करीब 12-13 मिलीमीटर घास रखी गई है। उनके मुताबिक, घास की यह लंबाई यहां की सामान्य तैयारी का हिस्सा है और इसमें कोई विशेष बदलाव नहीं किया गया है। उन्होंने कहा, "पिच की तैयारी हमेशा की तरह ही की गई है। इस पर घास का अच्छा कवर है। हम घास की लंबाई को लेकर बहुत ज्यादा चिंतित नहीं रहते। यह करीब 12-13 मिलीमीटर है और बाकी पिचों पर भी इतनी ही घास रखी जाती है। तैयारी के दौरान और मैच के समय भी यही स्थिति रहेगी।"

हेड के अनुसार, मौसम ने भी पिच तैयार करने में मदद की है। शुरुआती दिनों में हुई बारिश से सतह में नमी बनाए रखने में सहूलियत मिली, जबकि बाद के दिनों में तापमान 20 से 25 डिग्री से ऊपर रहने से पिच को सूखने और तैयार होने का पर्याप्त मौका मिला। मैच से एक दिन पहले इसकी अंतिम कटाई की जाएगी।

बेसिन रिजर्व की पिच का असर नहीं

वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान दोनों कप्तानों ने पिच से गेंदबाजों को पर्याप्त मदद नहीं मिलने और बल्लेबाजों के पक्ष में परिस्थितियां होने की शिकायत की थी। इसके बाद हेगले ओवल की पिच को लेकर भी सवाल उठ रहे थे कि क्या क्यूरेटर गेंदबाजों के लिए थोड़ी अधिक मदद देने की कोशिश करेंगे। हालांकि हेड ने ऐसी किसी भी संभावना से इन्कार किया।

उन्होंने कहा, हमने अपनी योजना में कोई बदलाव नहीं किया है। हम उसी तरह की पिच तैयार कर रहे हैं, जैसा पहले से तय था। गर्म मौसम में सतह की नमी कम होने पर रात में थोड़ा पानी दिया जाता है। कल भी गर्मी थी, इसलिए हमने ऐसा किया। आज भी मौसम गर्म है और दोपहर की परिस्थितियों को देखकर फैसला करेंगे।

स्पिनरों के लिए कुछ खास नहीं

हेड ने कहा कि हेगले ओवल का इतिहास तेज गेंदबाजों के अनुकूल पिचों का रहा है। यहां स्पिनरों को आमतौर पर बहुत ज्यादा मदद नहीं मिलती। उन्होंने कहा, "शुरुआत में गेंदबाजों के लिए कुछ मदद होनी चाहिए, लेकिन अगर बल्लेबाज शुरुआती मुश्किल दौर से निकल जाते हैं तो वे रन बना सकते हैं। हमारा प्रयास भी इसी तरह की पिच तैयार करने का है। उनके मुताबिक, इस बार भी तेज और मध्यम गति के गेंदबाजों को शुरुआत में मदद मिल सकती है, लेकिन बाद में पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी हो जाएगी। स्पिनरों के लिए बहुत ज्यादा टर्न की उम्मीद नहीं है।

यह भी पढ़ें- 'मुझे दबाव महसूस होता है', रिकॉर्डतोड़ दोहरा शतक लगाने के बावजूद ऐसा क्यों बोले वैभव सूर्यवंशी?

यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी ने ऐतिहासिक दोहरा शतक लगाने का खोला राज, मैच से पहले चार लोगों ने दिया था 'गुरुमंत्र'

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।