IND vs NZ: बराड़ का 'चौका' और राहुल की सूझबूझ से जीता भारत, टीम इंडिया के लिए वेलिंग्टन फतह के ये रहे 5 हीरो
वेलिंग्टन में भारत ने न्यूजीलैंड को दूसरे वनडे में डीएलएस मेथड से 4 रन से हराया। गुरनूर बराड़ के 4 ...और पढ़ें

भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो: BCCI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। गुरनूर बराड़, आकिब नबी और अंशुल कंबोज की घातक गेंदबाजी के दम पर टीम इंडिया ने वेलिंग्टन में खेले गए दूसरे वनडे मैच को डीएलएस मेथड से चार रनों से अपने नाम कर लिया। मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने कमाल की बॉलिंग की और न्यूजीलैंड को 134 रनों पर समेट दिया। मैच बारिश से प्रभावित रहा, जिसकी वजह से इसे 47 ओवर का कर दिया गया था।
भारतीय टीम ने 26 ओवर ही बल्लेबाजी की और एक बार फिर से बारिश आ गई, जिसके बाद मैच नहीं हो सका। उस वक्त तक शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम ने मैच को डीएलएस नियम के तहत चार रन से अपने नाम कर लिया। आइए इस मुकाबले में भारत के जीत के पांच हीरो बताते हैं।
दूसरे वनडे मैच में भारत की जीत के हीरो-
1. गुरनूर बराड़
टीम मैनेजमेंट गुरनूर बराड़ पर लगातार भरोसा दिखा रहा है और उन्हें मौके मिल रहे हैं। कीवी टीम के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में बराड़ ने शानदार गेंदबाजी की। मैच के दौरान बारिश आंख-मिचौली खेलती रही, जिसकी वजह से तेज गेंदबाजों को फायदा मिल रहा था। ऐसे में बराड़ ने भी फायदा उठाया और उन्होंने चार विकेट लिए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। बराड़ ने 10 ओवर में 30 रन खर्च किए और दो मेडन भी डाला।
2. अंशुल कंबोज
पहले वनडे मैच की तरह दूसरे मुकाबले में भी तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज ने कमाल की गेंदबाजी की। वे पहले मैच में प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे और उसी फॉर्म को दूसरे मुकाबले में भी जारी रखा। कंबोज ने 8 ओवर में 25 रन खर्च किए और दो विकेट अपने नाम किए।
3. आकिब नबी
रणजी ट्रॉफी के पिछले संस्करण में विकेट लेने के मामले में टॉप पर रहने वाले आकिब नबी सुर्खियों में आए थे। उसके बाद उनका टीम इंडिया में सेलेक्शन हुआ। नबी ने दूसरे मैच में अपनी गेंद से शानदार कार्य किया और उन्होंने 7 ओवर की गेंदबाजी में 31 रन दिए और दो कीवी बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
4. अक्षर पटेल
तेज गेंदबाजों के लिए मददगार पिच पर ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने अपनी स्पिन का जादू दिखाया। उन्होंने न्यूजीलैंड के दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। पटेल ने 9 ओवर में 28 रन खर्च करते हुए दो विकेट अपने नाम किए। उन्होंने एक मेडन ओवर भी डाला।
5. केएल राहुल
भारतीय टीम ने 47 रनों पर चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद एक बार फिर केएल राहुल क्राइसिस मैन बने और क्रीज पर डटे रहे। उन्होंने 38 गेंदों पर नाबाद 26 रन बनाए। उनकी बल्लेबाजी की वजह से ही टीम इंडिया 26 ओवरों तक डीएलएस स्कोर से आगे थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।