IND vs AFG: जसप्रीत बुमराह की वापसी, नीतीश ने फिटनेस दिखाई; बारिश ने 40 मिनट रोकी भारत की प्रैक्टिस
बारिश की बूंदों के बीच शुक्रवार को अरुण जेटली स्टेडियम में भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के विरुद्ध होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए पसीना बहाया।

भारतीय टीम ने किया अभ्यास

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लोकेश शर्मा, जागरण नई दिल्ली। दिल्ली में बारिश की बूंदों के बीच शुक्रवार को अरुण जेटली स्टेडियम में भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के विरुद्ध होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए पसीना बहाया। इस अभ्यास सत्र का सबसे बड़ा आकर्षण बारिश नहीं, बल्कि जसप्रीत बुमराह और नीतीश कुमार रेड्डी की मैदान पर वापसी रही। दोनों खिलाड़ियों पर फिटनेस को लेकर नजरें टिकी थीं। बुमराह ने गेंदबाजी की तो नीतीश ने गेंद के साथ बल्ले से भी हाथ आजमाया।
इंग्लैंड दौरे के बाद पहली बार नेट्स में गेंदबाजी करते नजर आए बुमराह को लेकर भारतीय टीम के लिए यह सत्र अहम था। उन्होंने नेट्स में बल्लेबाजों को गेंदें डालीं और अपनी लय का संकेत दिया। युवा वैभव सूर्यवंशी को भी बुमराह की गेंदों का सामना करना पड़ा। बुमराह ने वैभव को कई बार बीट किया। करीब 40 मिनट की देरी से शुरू हुई भारतीय टीम की प्रैक्टिस में बुमराह ने गेंदबाजी करते हुए अपनी फिटनेस और लय दोनों को परखा।
Switching into game mode! 🔛
— BCCI (@BCCI) September 11, 2026
🎥 #TeamIndia gets to work ahead of #AFGvIND 🔥 pic.twitter.com/U0Eke1HyJO
वहीं, नीतीश कुमार रेड्डी की मौजूदगी टीम के लिए दूसरा बड़ा सकारात्मक संकेत रही। शुक्रवार को टीम से जुड़ने के बाद उन्होंने फील्डिंग ड्रिल में हिस्सा लिया और इसके बाद गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी भी की। फील्डिंग ड्रिल करीब 45 मिनट चली। इस दौरान बुमराह और नीतीश दोनों पूरी तरह सक्रिय नजर आए। दोनों के मैदान पर सहज दिखने से भारतीय टीम प्रबंधन को राहत मिली होगी, क्योंकि सीरीज से पहले उनकी फिटनेस सबसे अहम सवालों में शामिल थी।
भारतीय टीम के बाकी खिलाड़ी भी शुक्रवार को जुड़ गए। तिलक वर्मा, वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन ने टीम के साथ अभ्यास किया। विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन समेत अन्य बल्लेबाजों ने नेट्स में गेंदबाजों का सामना किया। वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल और रवि बिश्नोई जैसे स्पिनरों के सामने ईशान किशन और श्रेयस अय्यर ने बल्लेबाजी का अभ्यास किया।
अफगान टीम ने बारिश के चलते एक घंटे देरी से किया अभ्यास
उधर, अफगानिस्तान ने भी बारिश के बीच करीब चार बजे अभ्यास एक घंटे की देरी से शुरू किया। सुबह तेज बारिश के कारण सत्र में देरी हुई। कप्तान इब्राहिम जादरान और कोचिंग स्टाफ काफी देर तक मैदानकर्मियों से बातचीत करते रहे। अभ्यास शुरू होने पर खिलाड़ियों ने वार्मअप और फुटबॉल से शुरुआत की।
नूर अहमद, फजलहक फारूकी, मुजीब उर रहमान और गुलबदीन नायब फुटबॉल खेलते दिखे। रहमानुल्लाह गुरबाज ने नेट्स में लंबा बल्लेबाजी सत्र किया, जबकि मोहम्मद नबी, राशिद खान, अजमतुल्लाह उमरजई और नवीन-उल-हक ने गेंदबाजी की।
राशिद और नूर अहमद ने भी नेट्स में काफी समय बिताया। विकेटकीपर के तौर पर नूर-उल-हक ने अलग से अभ्यास किया। बारिश दोबारा लौटने के कारण अफगानिस्तान का सत्र भी कवर लगाए जाने के साथ समाप्त हुआ।
यह भी पढ़ें- IND vs AFG 1st T20I Playing 11: सैमसन का कटेगा पत्ता! ईशान और वैभव सूर्यवंशी को मिल सकता है मौका
यह भी पढ़ें- IND vs AFG 1st T20 Weather Report: वैभव सूर्यवंशी के 'डेब्यू' पर पानी फेरेंगे इंद्रदेव, धरे रह जाएंगे सारे इंतजाम!
