IND A vs NZ A: ध्रुव जुरैल ने ऋषभ पंत को दी टेंशन, शतक ठोक बचाई इंडिया-ए की लाज; आकाशदीप ने भी दिया साथ
इंडिया-ए की कप्तानी कर रहे ध्रुव जुरैल ने न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ शानदार पारी खेली है और शतक जमाया है। उनकी यह पारी मुश्किल समय में आई है।
-1793505557933_m.webp)
ध्रुव जुरैल ने जमाया शतक

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने टेस्ट में अपनी अलग पहचान बनाई थी। हालांकि, उनका रवैया कई बार आलोचकों के निशाने पर रहा और उनकी निरंतरता में कमी टीम को परेशान भी करती रही है। इस बीच ध्रुव जुरैल उनके सबसे अच्छे विकल्प के तौर पर उभरे हैं और लगातार अपना दावा पेश कर रहे हैं। जुरैल ने फिर पंत के लिए खतरे की घंटी बजा दी है।
इस समय जुरैल न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ इंडिया-ए की कप्तानी कर रहे हैं और दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट मैच में भारत को मुश्किल परिस्थिति में से निकालकर शतक जमाया है। पहले दिन 99 रनों पर नाबाद लौटने वाले जुरैल ने दूसरे दिन रविवार को अपना शतक पूरा किया।
अहम समय खेली पारी
जुरैल की इस पारी की जो खासियत है वो पंत के लिए चिंता की बात है। जुरैल ने इंडिया-ए को मुश्किल में से निकाला और विकेट पर पैर जमाते हुए शतक ठोका। ऐसी स्थिति में पंत कई बार फंस चुके हैं, लेकिन अधिकतर मौकों पर उन्होंने अपने आक्रामक रवैये और गैर-जिम्मेदाराना शॉट सेलेक्शन से टीम को निराश किया है। वहीं, जुरैल ने कई मौकों पर ऐसी स्थिति में सूझबूझ भरी बल्लेबाजी की है। उनमें पंत की तरह आक्रामक बल्लेबाजी करने का भी दम है।
99 रनों से आगे पारी बढ़ाने वाले जुरैल 105 के निजी स्कोर पर आउट हो गए, लेकिन तब तक वह टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचा चुके थे। उन्होंने 171 गेंदों पर 11 चौके और तीन छक्कों की मदद से 105 रन बनाए।
आकाशदीप ने दिया साथ
जुरैल के शतक की बदौलत इंडिया-ए ने पहली पारी में 346 रन बनाए। इसमें उन्हें आकाशदीप का भी साथ मिला जिन्होंने 68 रनों की पारी खेली और जुरैल के साथ मिलकर 75 रन जोड़े। आकाश ने 116 गेंदों पर 10 चौके और दो छक्कों की मदद से शानदार पारी खेली। भारत को संकट से बाहर निकालने में देवदत्त पडिक्कल का भी हाथ रहा जिन्होंने 140 गेंदों पर 12 चौकों की मदद से 80 रन बनाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।