यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 29, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Champions Trophy 2025 से पहले ICC के CEO ने दिया इस्तीफा, जानें इस फैसले की क्या है वजह
पिछले साल वेस्टइंडीज और अमेरिका में हुए टी-20 विश्व कप में भ्रष्टाचार व अव्यवस्था और अब चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर ...और पढ़ें

HighLights
- Champions Trophy से पहले ICC के CEO ने दिया इस्तीफा
- Geoff Allardice ने तकरीबन 13 साल पहले आईसीसी में क्रिकेट महाप्रबंधक के रूप में जुड़े थे
- 2021 में ज्योफ एलार्डिस को ICC का CEO के रूप में नियुक्त किया गया था
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली।Geoff Allardice Steps Down as ICC CEO: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने ये पुष्टि की कि ज्योफ एलार्डिस ने ICC के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद से हटने का फैसला किया है।
एलार्डिस साल 2012 में ICC क्रिकेट के महाप्रबंधक के रूप में ICC में शामिल हुए थे। उन्हें नवंबर 2021 में ICC के CEO के रूप में नियुक्त किया गया था, इससे पहले उन्होंने आठ महीने तक कार्यवाहक CEO के रूप में कार्य किया था। उन्होंने अपने इस फैसले के बाद बयान दिया है।
ICC के CEO Geoff Allardice ने अपने पद से इस्तीफा दिया

दरअसल, एलार्डिस ने आईसीसी के CEO के पद से इस्तीफा का एला किया। उन्होंने कहा,
"अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में सेवा करना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही है और मुझे क्रिकेट की वैश्विक पहुंच बढ़ाने से लेकर आईसीसी सदस्यों के लिए स्थापित वाणिज्यिक नींव तक, हमने जो परिणाम हासिल किए हैं, उन पर मुझे अविश्वसनीय रूप से गर्व है। मैं आईसीसी अध्यक्ष, निदेशक मंडल और पूरे क्रिकेट समुदाय को पिछले 13 वर्षों में उनके समर्थन और सहयोग के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। मेरा मानना है कि मेरे लिए पद छोड़ने और नई चुनौतियों का सामना करने का यह सही समय है। मुझे विश्वास है कि क्रिकेट के लिए आने वाला समय रोमांचक होगा, और मैं आईसीसी और वैश्विक क्रिकेट समुदाय को भविष्य में सफलता की कामना करता हूं।"
यह भी पढ़ें: Jasprit Bumrah के सिर सजा ICC मेंस क्रिकेटर ऑफ द ईयर 2024 का ताज, इन 3 दिग्गजों का छन से टूटा सपना
Jay Shah ने ज्योफ एलार्डिस को इस तरह दी विदाई
आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह (Jay Shah) ने कहा,
"आईसीसी बोर्ड की ओर से, मैं ज्योफ को उनके मुख्य कार्यकारी के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान उनके नेतृत्व और प्रतिबद्धता के लिए ईमानदारी से धन्यवाद देना चाहता हूं। उनके प्रयासों ने वैश्विक स्तर पर क्रिकेट को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हम उनकी सेवा के लिए वास्तव में आभारी हैं और उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।"
Geoff Allardice ने अचानक क्यों ICC के CEO के पद से दिया इस्तीफा?
आईसीसी के सीईओ के पद से ज्योफ के अचानक इस्तीफा देने के पीछे की वजह को लेकर किसी तरह का आधिकारिक बयान नहीं सामने आया है, लेकिन ये माना जा रहा है कि पिछले साल वेस्टइंडीज और अमेरिका में हुए टी-20 विश्व कप में भ्रष्टाचार व अव्यवस्था और अब चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर बोर्ड सदस्यों के सामने स्पष्ट तस्वीर पेश नहीं करने के कारण उन्होंने अपने पद को छोड़ने का फैसला किया।
चैंपियंस ट्रॉफी शुरू होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं और पाकिस्तान अब तक स्टेडियम का निर्माण भी पूरा नहीं कर पाया है। आइसीसी ने एलार्डिस से चैंपियंस ट्रॉफी पर रिपोर्ट पेश करने को कहा था, जो उन्होंने नहीं सौंपी थी।
सूत्रों की मानें तो जय शाह के आईसीसी चेयरमैन बनने के बाद से एलार्डिस पर काफी दबाव था। लगातार दो आईसीसी प्रतियोगिताओं को लेकर सवाल उठ रहे थे। आईसीसी अब एलार्डिस के उत्तराधिकारी की खोज प्रक्रिया शुरू करेगा।
बता दें कि चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आगाज 19 फरवरी से होना है। सुरक्षा कारणों के चलते भारतीय टीम अपने सभी मैच दुबई में खेलेगी।
