भारत-अफगानिस्तान क्रिकेट की दोस्ती का नई दिल्ली में जश्न, अय्यर-गंभीर और राजीव शुक्ला भी हुए शामिल
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 'कोह-ए-जफर' कार्यक्रम की मेजबानी की, जिसमें भारत और अफगानिस्तान के क्रिकेट अधिकारियों व खिलाड़ियों ने दोनों देशों की दोस्ती और साझा क्रिकेट यात्रा का जश्न मनाया।

भारत-अफगानिस्तान (फोटो: ACB)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने बुधवार को ‘कोह-ए-जफर’ (विजय का पर्वत) कार्यक्रम की मेजबानी की। इस दौरान भारतीय और अफगान क्रिकेट के वरिष्ठ अधिकारियों तथा खिलाड़ियों ने भारत और अफगानिस्तान के बीच लंबे समय से चली आ रही दोस्ती, साझा क्रिकेट यात्रा और एसीबी तथा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के मजबूत रिश्ते का जश्न मनाया।
कार्यक्रम में अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मीरवाइज अशरफ, सीईओ नसीब खान, बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, रोहन जेटली, भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और भारत तथा अफगानिस्तान की क्रिकेट टीमों के सदस्य शामिल हुए।
श्रेयस अय्यर भी हुए शामिल
इस दौरान भारत-अफगानिस्तान सीरीज में भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर और अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की मेजबानी पूर्व भारतीय क्रिकेटर निखिल चोपड़ा ने की। भारत पिछले कई वर्षों से अफगानिस्तान क्रिकेट के लिए घरेलू मैदान की भूमिका निभाता रहा है।
भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज
भारत और अफगानिस्तान के बीच इस समय तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। सीरीज के पहले दोनों मैचों में टीम इंडिया ने जीत हासिल कर 2-0 की बढ़त बना ली है। तीसरा मुकाबला गुरुवार को खेला जाएगा, जहां टीम इंडिया की नजरें क्लीन स्वीप पर होंगी। बता दें कि भारत भले ही अपने घर में खेल रहा है लेकिन मेजबान देश के तौर पर अफगानिस्तान की टीम खेल रही है।
