विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Duleep Trophy: सेमीफाइनल में रजत की टीम को वैभव से मिलेगी चुनौती, मध्य और पूर्व क्षेत्र के बीच होगी टक्‍कर

Published: Sat, 29 Aug 2026 07:41 PM (IST)

दलीप ट्रॉफी का अहम दौर रविवार से शुरू हो रहा है। इसमें मौजूदा चैंपियन मध्य क्षेत्र का मुकाबला आत्मविश्वास से भरी पूर्व क्षेत्र टीम से होगा।

वैभव सूर्यवंशी और रजत पाटीदार

वैभव सूर्यवंशी और रजत पाटीदार

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

पीटीआई, बेंगलुरु। दलीप ट्रॉफी का अहम दौर रविवार से शुरू हो रहा है। इसमें मौजूदा चैंपियन मध्य क्षेत्र का मुकाबला आत्मविश्वास से भरी पूर्व क्षेत्र टीम से होगा। इसमें रजत पाटीदार की कप्तानी वाली टीम मध्य क्षेत्र के सामने पूर्व क्षेत्र और भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की चुनौती होगी।

दूसरे सेमीफाइनल में पिछले साल की उपविजेता दक्षिण टीम उत्तर क्षेत्र टीम से भिड़ेगी। सेमीफाइनल का यह दौर रोमांचक मुकाबलों का गवाह बनेगा। पूर्व और उत्तर ने क्वार्टर फाइनल की बाधा पार की है, जबकि मध्य और दक्षिण को सीधे प्रवेश मिला है।

पूर्व क्षेत्र ने क्वार्टर फाइनल में पूर्वोत्तर क्षेत्र पर जबरदस्त जीत हासिल की, जबकि उत्तर क्षेत्र ने बाएं हाथ के स्पिनर आबिद मुश्ताक की बदौलत एक तनावपूर्ण नाकआउट मैच में जीत दर्ज की। लगातार दूसरे सत्र में रजत पाटीदार की कप्तानी वाली मध्य क्षेत्र टीम और पिछले साल की उपविजेता दक्षिण टीम को टूर्नामेंट में बिना कोई मैच खेले ही सीधे मैदान पर उतरना होगा।

हालांकि, मध्य क्षेत्र को निरंतरता का फायदा मिलेगा, क्योंकि उन्होंने उस टीम के मजबूत कोर को बरकरार रखा है, जिसने पिछले साल ट्राफी जीती थी। पाटीदार आईपीएल और एमपी टी-20 लीग में शानदार प्रदर्शन के बाद इस टूर्नामेंट में आ रहे हैं, जबकि उप-कप्तान रिंकू सिंह मध्यम क्रम को अनुभव प्रदान करते हैं।

उनकी सबसे बड़ी ताकत उनकी गेंदबाजी की गहराई हो सकती है। श्रीलंका के विरुद्ध ड्रॉ हुए दूसरे टेस्ट में मुश्किल हालात में प्रभावित करने वाले सारांश जैन और हाल ही में अफगानिस्तान के विरुद्ध वनडे मैचों में खेले हर्ष दुबे एक बेहतरीन स्पिन जोड़ी बनाते हैं। यश ठाकुर गति और प्रथम श्रेणी अनुभव जोड़ते हैं, जबकि जीशान अंसारी पर भी सबकी नजरें होंगी।

हालांकि, पूर्व क्षेत्र अपने अच्छे प्रदर्शन को बनाए रखना चाहेगा और इसमें युवा वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर आकर्षण का केंद्र होंगे। पूर्व क्षेत्र क्वार्टर फाइनल में बहुत आक्रामक थी और उसने उत्तर पूर्व क्षेत्र को एक पारी और 210 रनों से हराया।
इसमें बंगाल के सुदीप घरामी और शाहबाज अहमद ने शानदार शतक लगाए। वहीं शाहबाज ने चार विकेट भी लिए, जबकि अनुकूल राय ने दूसरी पारी में पांच विकेट लिए और अभिजीत सरकार ने मैच में कुल छह विकेट चटकाए।

यह भी पढ़ें- श्रीलंका में नहीं मिला मौका, अब नई टीम से जुड़े गुरनूर बराड़; खेलेंगे सीधा सेमीफाइनल

यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी ने लगाए ईशान किशन पर 'नजरअंदाज' करने के आरोप, दलीप ट्रॉफी मैच के बाद बताई अंदर की सच्चाई