विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'गर्लफ्रेंड कल्चर' पर सख्त नियम बनाने की तैयारी कर रहा BCCI

By Abhishek TripathiEdited By: Abhishek Upadhyay
Published: Mon, 04 May 2026 06:00 AM (IST)

बीसीसीआई भारतीय क्रिकेट में 'गर्लफ्रेंड कल्चर' पर सख्त नियम बनाने की तैयारी कर रहा है, खासकर आईपीएल के दौरान। खिलाड़ियों ...और पढ़ें

'गर्लफ्रेंड कल्चर' पर सख्त बीसीसीआई

'गर्लफ्रेंड कल्चर' पर सख्त बीसीसीआई

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

अभिषेक त्रिपाठी, जागरण, नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड 'गर्लफ्रेंड कल्चर ' में फंसे भारतीय क्रिकेट को बचाने के लिए जल्द ही सख्त नियम बनाने की तैयारी में है। आईपीएल के मौजूदा सीजन में जहां मैदान पर रोमांच अपने चरम पर है, वहीं मैदान के बाहर खिलाड़ियों की निजी जिंदगी भी सुर्खियों में बनी हुई है।

स्टार आलराउंडर हार्दिक पांड्या, तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल, ईशान किशन समेत कई खिलाड़ियों के साथ उनकी गर्लफ्रेंड की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है। इनमें से कई बस से लेकर टीम होटल तक खिलाड़ियों के साथ नजर आती हैं।

होटल में रहती हैं साथ

कई अंजान खिलाड़ी भी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ घूम रहे हैं। कुछ होटल में खिलाड़ियों के साथ भी रह रही हैं तो कुछ उनके मैच को देखने के लिए उस शहर में होती हैं, और बाद में दोनों के बीच कुछ देर मुलाकात होती है। इसमें कई ऐसी इंफ्लूएंसर हैं जो पहले बेटिंग (सट्टेबाजी) वेबसाइट को भी प्रमोट कर चुकी हैं। हाल ही में आईपीएल के कई खिलाड़ियों पर उनकी महिला मित्रों ने पुलिस केस भी किए हैं।

होना होगा गंभीर

बीसीसीआई के एक पदाधिकारी ने कहा कि हम इस पर आपस में चर्चा कर रहे हैं। बीसीसीआई की अगली बैठक में इस पर बात होगी। पत्नी और परिवार के लोगों के खिलाड़ियों के साथ होटल में रुकने में कोई दिक्कत नहीं है लेकिन गर्लफ्रेंड के मामले में थोड़ा गंभीर होना पड़ेगा। बीसीसीआई ने ऑस्ट्रेलिया में पिछली टेस्ट सीरीज हारने के बाद क्रिकेटरों पर सख्त नियम लागू किए थे, जिसमें पार्टनर और बच्चे (18 वर्ष से कम) 45 दिनों से ज्यादा के विदेशी दौरों पर दो सप्ताह तक साथ रह सकते हैं।

इस बारे में बीसीसीआइ के अधिकारी ने कहा कि हमने ये नियम बनाया था, आईपीएल को लेकर भी कुछ करना होगा। पहले आईपीएल में गर्लफ्रेंड को खिलाड़ियों के होटल में रुकने की अनुमति नहीं थी, लेकिन अब ये ट्रेंड बन गया है। अधिकारी ने कहा कि मैंने आईपीएल के एक एंटी करप्शन यूनिट के अधिकारी से इस बारे में बात की तो उन्होंने बताया कि हमें पत्नी और 'ऑफिशियली एनाउंस गर्लफ्रेंड' को साथ में रुकने की अनुमति देने को कहा गया है।

इस पर बीसीसीआइ अधिकारी ने हैरानी जताते हुए एसीयू अधिकारी से पूछा कि ये ऑफिशियली एनाउंस गर्लफ्रेंड का नियम कहां से आया तो एसीयू अधिकारी ने कहा कि सर हम तो ऐसे ही कर रहे हैं। इतना तय है कि अब गर्लफ्रेंड के साथ रुकने या न रुकने को लेकर बीसीसीआई सख्त नियम लाएगा।

अगले सत्र में होगा लागू

आईपीएल के अगले सत्र में ये नियम लागू भी होगा। भारतीय टीम के साथ ये लागू होगा या नहीं होगा ये देखना होगा। हालांकि अधिकारी का कहना है कि भारतीय टीम के साथ भी ये लागू करना होगा। बीसीसीआई के एक अन्य सूत्र ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय दौरों पर भारतीय टीम के साथ व्यवस्थाएं पूरी तरह बोर्ड के नियंत्रण में होती हैं, जहां एंटी करप्शन यूनिट (एसीयू) की निगरानी बेहद सख्त रहती है लेकिन आईपीएल में 10 अलग-अलग फ्रेंचाइजी टीमों के चलते यह नियंत्रण अपेक्षाकृत कमजोर पड़ जाता है, जिससे निगरानी चुनौतीपूर्ण हो जाती है।

आईपीएल टीमों का संचालन निजी हाथों में होता है और इसमें बीसीसीआई की भूमिका बेहद सीमित या न के बराबर हो जाती है। इसलिए क्रिकेटरों के साथ उनकी गर्लफ्रेंड या परिवार भी पूरे आईपीएल के दौरान उनके साथ रहते हैं। मौजूदा समय में कई खिलाड़ियों की गर्लफ्रेंड्स को टीम के साथ यात्रा करते और होटल में ठहरते देखा गया है।

बस करती है इंतजार

कुछ मामलों में तो यह भी सामने आया है कि टीम बस उनके इंतजार में रुकी रहती है, जो टीम अनुशासन के लिहाज से सही नहीं माना जा रहा। बोर्ड के भीतर यह चिंता भी जताई जा रही है कि इस तरह की ढील से टीम के माहौल और प्रोफेशनलिज्म पर असर पड़ सकता है। एक और अहम पहलू यह है कि कुछ खिलाड़ियों की गर्लफ्रेंड्स इंटरनेट मीडिया इंफ्लूएंसर हैं। ऐसे में अंदरुनी सूचनाओं के बाहर जाने का खतरा भी बढ़ जाता है, जो खेल की साख और पारदर्शिता के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है।

बीसीसीआई से जुड़े सूत्रों का मानना है कि यदि इस पर समय रहते सख्ती नहीं की गई, तो भविष्य में बड़े विवाद खड़े हो सकते हैं। इसलिए या तो एंटी करप्शन तंत्र को और मजबूत किया जाए या फिर ऐसे लोगों की टीम के साथ मौजूदगी पर स्पष्ट रूप से रोक लगाई जाए। कुल मिलाकर आईपीएल जैसे बड़े और हाई-प्रोफाइल टूर्नामेंट में खिलाडि़यों के साथ कौन रह सकता है और कौन नहीं, इस पर अब स्पष्ट और कड़े नियम बनाने की जरूरत महसूस की जा रही है। आने वाले समय में बीसीसीआई का फैसला इस दिशा में बड़ा बदलाव ला सकता है।

यह भी पढ़ें- 'सूर्यवंशी-अभिषेक से बेहतर हैं गायकवाड़', रविचंद्रन अश्विन के बयान ने मचाई सनसनी

यह भी पढ़ें- IPL 2026 के बीच में एक बार फिर बिक गई राजस्थान रॉयल्स, इस दिग्गज ने खरीदी हिस्सेदारी