बीसीसीआई के चुनाव अधिकारी को राष्ट्रीय खेल चुनाव पैनल में भी मिली जगह
बीसीसीआई के चुनाव अधिकारी एके जोती को 20 सदस्यीय राष्ट्रीय खेल चुनाव पैनल में शामिल किया गया है, जिसका गठन राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम के तहत हुआ है।

बीसीसीआइ के चुनाव अधिकारी राष्ट्रीय पेनल में भी शामिल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली: देश के खेल संगठनों में चुनावी प्रक्रिया की निगरानी के लिए गठित 20 सदस्यीय राष्ट्रीय खेल चुनाव पैनल में बीसीसीआई के मौजूदा चुनाव अधिकारी एके जोती को भी शामिल किया गया है।
संसद द्वारा पारित राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम के तहत इस पैनल का गठन किया गया था। खेल मंत्रालय ने गुरुवार को एक गजट अधिसूचना के माध्यम से जारी किया। खास बात यह है कि जोती बीसीसीआई के चुनाव अधिकारी भी हैं।
डेजिगनेटेड स्पोटर्स’ नहीं क्रिकेट
एक तरफ उनके ऊपर देश के बाकी खेल संघों के चुनाव राष्ट्रीय खेल अधिनियम के तहत कराने की जिम्मेदारी है। वहीं दूसरी ओर बीसीसीआई ने हाल में ही उड़ीसा हाईकोर्ट में हलफनामा दाखिल करके कहा था कि भले ही राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम लागू हो चुका है, लेकिन क्रिकेट को अब तक इस कानून के तहत ‘डेजिगनेटेड स्पोटर्स’ के तौर पर अधिसूचित नहीं किया गया है इसलिए मौजूदा स्थिति में इस कानून के प्रविधान क्रिकेट पर लागू नहीं होते।
बीसीसीआई ने यह जवाब ओडिशा क्रिकेट संघ (ओसीए) के मामले में चल रही सुनवाई के दौरान दिए गए हलफनामे में कही थी। बीसीसीआई की ओर से 19 अगस्त को दायर किए गए हलफनामे में कहा गया था कि खेल प्रशासन अधिनियम के संसद से पारित और लागू हो जाने भर से उसके प्रविधान स्वत: क्रिकेट या बीसीसीआई पर लागू नहीं हो जाते। इसके लिए क्रिकेट को कानून के तहत ‘डेजिगनेटेड स्पोर्ट्स’ के रूप में अधिसूचित किया जाना जरूरी है।
इस तरह कर रहे हैं काम
दरअसल बीसीसीआइ और उसके राज्य संघ लोढ़ा समिति की सिफारिशों पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर बने संविधान के आधार पर काम कर रहे हैं। जोती के अलावा इस पैनल में एक और पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा भी हैं, जिनका कार्यकाल 2018 से 2021 तक रहा था। इस वर्ष चुनाव कराने वाले प्रमुख खेल संगठनों में भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) और अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) शामिल हैं।
राष्ट्रीय खेल चुनाव पैनल अपने रोस्टर से चुनावी अधिकारी का नामांकन करेगा, जो खेल संगठनों में कार्यकारी समितियों और एथलीट आयोगों के चुनावों के संचालन की निगरानी करेगा। राष्ट्रीय खेल चुनाव पैनल का रोस्टर राष्ट्रीय खेल बोर्ड द्वारा बनाए रखा जाएगा, जो अभी तक आकार नहीं ले पाया है, और इसमें पदों के लिए आवेदन की समय सीमा कई बार बढ़ाई गई है।
राष्ट्रीय खेल चुनाव पैनल :
एके जोती, सुनील अरोड़ा (पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त), अनुप चंद्र पांडेय, नरेंद्र कुमार (पूर्व चुनाव आयुक्त), संदीप सक्सेना, सुधीर त्रिपाठी, उमेश सिन्हा (पूर्व उप चुनाव आयुक्त), आलोक कुमार, चंद्रशेखर भट्ट, दलीप सिंह, हरीश चंद्र जोशी, आर. पारसुराम, राजीव शर्मा, एस के श्रीवास्तव, संजय प्रसाद, उर्विंदर पाल सिंह मदान, वरेश सिन्हा (पूर्व राज्य चुनाव आयुक्त), अजय वी नायक, रणबीर सिंह और उमंग नरुला (पूर्व मुख्य चुनाव अधिकारी)।
