Asian Games 2026: हरमनप्रीत कौर की सेना गोल्ड पर जमाना चाहेगी कब्जा, श्रीलंका के खिलाफ होगी 'सोने' के लिए जंग
भारतीय महिला क्रिकेट टीम एशियाई खेलों के फाइनल में श्रीलंका से भिड़ेगी, जहाँ वे स्वर्ण पदक जीतने की प्रबल दावेदार ...और पढ़ें

भारतीय महिला क्रिकेट टीम (फोटो: BCCI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, निशिन (जापान)। भारत का एशियाई खेलों में महिला क्रिकेट में दबदबा बरकरार रहने की उम्मीद है, लेकिन मंगलवार को होने वाले फाइनल में श्रीलंका की टीम गत चैंपियन को कड़ी चुनौती देने के इरादे से उतरेगी। भारतीय महिला और पुरुष दोनों टीम के एक बार फिर पोडियम के शीर्ष पर पहुंचने की उम्मीद है और बेहद खराब प्रदर्शन ही उन्हें स्वर्ण पदक से रोक सकता है।
हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम ने जापान और बांग्लादेश के विरुद्ध शानदार जीत दर्ज करके फाइनल में जगह बनाई है। मंगलवार को स्वर्ण पदक जीतने पर भारत क्षेत्र में अपनी बादशाहत और मजबूत करेगा। भारत ने इस महीने की शुरुआत में एशिया कप के फाइनल में भी श्रीलंका को हराया था।
श्रीलंका अतीत में भारत को हरा चुका है लेकिन हाल के वर्षों में भारत और अन्य एशियाई टीमों के बीच अंतर बढ़ा है। कप्तान चमारी अटापट्टू की 50 गेंद में 82 रन की शानदार पारी की बदौलत श्रीलंका ने पाकिस्तान के विरुद्ध चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया।
भारतीय टीम शानदार फॉर्म में
भारत जैसी मजबूत टीम को हराने के लिए श्रीलंका को ऐसे ही कुछ बेहतरीन प्रदर्शनों की जरूरत होगी। भारतीय टीम सभी विभागों में शानदार फॉर्म में है। प्रारंभिक बल्लेबाज, खासकर शेफाली वर्मा शानदार फॉर्म में हैं, जबकि टीम प्रबंधन तीसरे नंबर के बल्लेबाजी क्रम को लेकर लगातार प्रयोग कर रहा है। बांग्लादेश के विरुद्ध सेमीफाइनल में जी कमालिनी को तीसरे नंबर पर उतारा गया था जबकि जापान के विरुद्ध इसी स्थान पर भारती फुलमाली को आजमाया गया था।
टूर्नामेंट में अब तक बड़ी पारी खेलने में नाकाम रही कमालिनी ने क्वार्टर फाइनल में शेफाली के साथ पारी की शुरुआत की थी। कप्तान हरमनप्रीत कौर एशिया कप में अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं थीं और उनके प्रशंसकों को उम्मीद होगी कि महत्वपूर्ण फाइनल में वह अपनी पुरानी लय हासिल करेंगी।
स्पिन गेंदबाजों का दबदबा
पहले दो मुकाबलों को देखते हुए भारत के लिए ज्यादातर विकेट स्पिन गेंदबाजों ने लिए हैं और फाइनल में भी यह सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। दीप्ति शर्मा शानदार फॉर्म में हैं और उन्हें श्री चरणी का अच्छा साथ मिल रहा है। तेज गेंदबाजी विभाग में नंदिनी शर्मा ने प्रभावित किया है।
इस प्रकार है टीमें
भारतीय टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जी कमालिनी, ऋचा घोष, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी और राधा यादव।
श्रीलंका: चमारी अटापट्टू (कप्तान), इमेशा दुलानी, हसिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, हंसिमा करुणारत्ने, कौशानी नुथ्यांगना, मिताली अयोध्या, काव्या कविंदी, चामुडी प्रबोदा, सुगंधिका कुमारी, रश्मिका सेवांडी, निमाशा मीपागे, संजना काविंदी और अनुष्का संजीवनी।
भारत बनाम श्रीलंका स्थान: निशिन समय: सुबह 10:30 बजे से प्रसारण: सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क/सोनी लिव।
यह भी पढ़ें- CSK का हेड कोच बनने के बाद जहीर खान का रिएक्शन आया सामने, नया रोल मिलने पर जताई खुशी
