अजीत अगरकर की कुर्सी पर खतरा! क्या पार्थिव पटेल बनेंगे BCCI के नए चीफ सेलेक्टर? पोस्ट से हुआ खुलासा
पार्थिव पटेल मेंस सीनियर सेलेक्शन कमेटी के चेयरमैन के तौर पर अजित अगरकर की जगह ले सकते हैं।

पार्थिव पटेल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पूर्व भारतीय क्रिकेटर पार्थिव पटेल मेंस सीनियर सेलेक्शन कमेटी के चेयरमैन के तौर पर अजित अगरकर की जगह ले सकते हैं। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट कर इस बात के संकेत भी दिए हैं। इस पोस्ट में पार्थिव ने 'Coming soon. I'm in' लिखा। इसके बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि पार्थिव अगले चीफ सेलेक्टर हो सकते हैं।
Coming soon. I'm in. pic.twitter.com/C5Nfq8kv5b
— Parthiv Patel (@parthiv9) September 18, 2026
पिछले कई महीने से पटेल के नाम की चर्चा भी हो रही है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो पार्थिव इस पैनल के सबसे सीनियर सदस्य होंगे। उन्होंने 25 टेस्ट खेले हैं। SS दास ने 23 टेस्ट खेले, RP सिंह ने 14 मैच खेले, जबकि प्रज्ञान ओझा और अजय रात्रा ने 24 और 6 मैच खेले। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने इस मामले पर चुप्पी साधे रखी है, लेकिन आने वाले हफ्तों में स्थिति साफ हो सकती है।
हाल ही में चुनी टीम
हाल ही में अगरकर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 वनडे और 5 T20I मैचों की सीरीज के लिए टीम और ईरानी कप के लिए 'रेस्ट ऑफ इंडिया' टीम चुनी। ऐसी चर्चा है कि यह उनकी आखिरी सेलेक्शन मीटिंग हो सकती है। भारत के पूर्व क्रिकेटर ने दिल्ली में भारत-अफगानिस्तान T20I मैच देखे। उनके साथ सेलेक्टर RP और रात्रा भी थे।
सीरीज के दूसरे मैच में ICC चेयरमैन जय शाह, BCCI प्रेसिडेंट मिथुन मन्हास और वाइस-प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला भी शामिल हुए। शुक्रवार को मुंबई में हुई सालाना आम बैठक (AGM) के बाद शुक्ला ने इस बारे में कहा, "AGM ने पदाधिकारियों को सेलेक्टर के बारे में फैसला लेने का अधिकार दिया है।"
मीटिंग में शामिल नहीं थे
अगरकर हाल ही में हुई उस हाई-प्रोफाइल रिव्यू मीटिंग में शामिल नहीं थे, जिसमें भारतीय क्रिकेट बोर्ड के बड़े अधिकारी, हेड कोच गौतम गंभीर, टेस्ट और ODI कप्तान शुभमन गिल, T20I कप्तान श्रेयस अय्यर और CoE हेड VVS लक्ष्मण मौजूद थे। BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने चीफ सेलेक्टर की गैर-मौजूदगी को लेकर कहा था कि वे शहर से बाहर थे। हालांकि, यह बात किसी को नहीं पची थी।
मीटिंग की सूचना पहले से थी। हेड कोच दिल्ली से आए, लक्ष्मण आए। शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर ने भी अपने दूसरे कामों के बीच समय निकाला। मिथुन मन्हास भी आए थे। इसलिए यह थोड़ा अजीब था कि जब अहम मुद्दों पर चर्चा हो रही थी, तो मेंस की सीनियर सिलेक्शन कमिटी के चेयरमैन अगरकर वहां मौजूद नहीं थे।
भारतीय क्रिकेट के लिए 2027 ODI वर्ल्ड कप और मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल की तैयारी के लिहाज से अगले 12 महीने बहुत अहम हैं। जहां एक तरफ कुछ लोगों का मानना है कि अगरकर के साथ बने रहना जरूरी है, वहीं कुछ प्रभावशाली लोग चाहते हैं कि यह जिम्मेदारी पार्थिव को सौंपी जाए।
भारत के पूर्व विकेटकीपर अभी गुजरात टाइटंस के साथ असिस्टेंट और बैटिंग कोच के तौर पर काम कर रहे हैं और समय मिलने पर कमेंट्री भी करते हैं। माना जा रहा है कि अगले साइकिल से पार्थिव को IPL फ्रेंचाइजी में बड़ी भूमिका मिल सकती थी, लेकिन अगर उन्हें सेलेक्टर की भूमिका मिलती है, तो GT को शायद दूसरे विकल्पों पर विचार करना होगा।
