चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर की होगी छुट्टी या मिलेगा एक्सटेंशन? BCCI की AGM में हुआ ये फैसला
भारतीय चयनसमिति के चेयरमैन अजीत अगरकर के भविष्य पर एक बड़ी अपडेट सामने आई है।

अजीत अगरकर और गौतम गंभीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, मुंबई। भारतीय चयनसमिति के चेयरमैन अजीत अगरकर के भविष्य पर एक बड़ी अपडेट सामने आई है, बीसीसीआई मुख्यालय में शुक्रवार को हुई वार्षिक आम बैठक (एजीएम) के बाद बोर्ड के महासचिव देवजीत सैकिया ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अजीत अगरकर का कार्यकाल खत्म होने में अभी भी 15 दिन शेष हैं और क्रिकेट की दुनिया में 15 दिन बहुत लंबा वक्त होता है।
इससे पहले एजीएम के दौरान बीसीसीआई की सदस्य इकाइयों ने चयनसमिति के चेयरमैन अजीत अगरकर का कार्यकाल बढ़ाने या उनकी जगह किसी और को लाए जाने का फैसला लेने का अधिकार बोर्ड के पदाधिकारियों को सौंपा था। अगरकर का अनुबंध चार अक्टूबर को खत्म होने वाला है और बीसीसीआई उनकी जगह किसी और को लाने पर विचार कर सकता है।
बैठक के बाद बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पदाधिकारियों को चयन समिति से जुड़े मामलों पर फैसला लेने का अधिकार दिया गया है। बीसीसीआई की 95वीं एजीएम में संस्था से जुड़े राज्य सदस्य बोर्ड शामिल हुए, जिनमें भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली (बंगाल क्रिकेट संघ) और पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद (कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ) भी मौजूद थे। सीनियर चयन समिति के चेयरमैन के भविष्य के साथ-साथ, बीसीसीआइ जूनियर चयन समिति की सभी पांचों पोस्ट भी भरना चाहता है।
इस बीच, मुंबई क्रिकेट संघ ने बीसीसीआई से अनुरोध किया कि अहम मैचों की मेजबानी सौंपते समय उन पर भी विचार किया जाए। यह बात राज्य संस्था के सेक्रेटरी उन्मेष खानविलकर ने कही। मशहूर वानखेड़े स्टेडियम में टेस्ट मैच हुए लगभग दो साल हो चुके हैं। यहां आखिरी टेस्ट 2024 के आखिर में न्यूजीलैंड के विरुद्ध खेला गया था। शहर में होने वाले आगामी क्रिकेट मैचों में अगले साल की शुरुआत में होने वाली पहली महिला चैंपियंस लीग और महिला प्रीमियर लीग का कुछ हिस्सा भी शामिल है।
अहम बातें
- अरुण धूमल और खैरुल जमाल मजूमदार आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के लिए दोबारा चुने गए।
- आईपीएल 2027 का जोरदार जश्न मनाया जाएगा, ये आइपीएल का 20वां संस्करण होगा।
- मैच रेफरी और अंपायरों की फीस बढ़ेगी, ग्रेडों का पुनर्वर्गीकरण भी होगा।
- बीसीसीआई की यौन उत्पीड़न रोकथाम नीति के तहत बीसीसीआई की नई आंतरिक समिति का गठन किया गया।
- बीसीसीआई की उम्र की पुष्टि करने वाली पॉलिसी को अपडेट करके अपनाया गया।
- आम सभा ने राज्य इकाइयों के साथ मिलकर दिव्यांग क्रिकेटरों की मदद के उपायों पर चर्चा की।
यह भी पढ़ें- अजीत अगरकर की कुर्सी पर खतरा! क्या पार्थिव पटेल बनेंगे BCCI के नए चीफ सेलेक्टर? पोस्ट से हुआ खुलासा
