IND vs AFG Preview: क्रिकेट की पिच पर लिखा जाएगा दोस्ती का नया अध्याय, भारत-अफगानिस्तान के बीच पहला टी20 आज
भारत और अफगानिस्तान की टीमें रविवार को तीन मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में आमने-सामने होंगी।

भारत बनाम अफगानिस्तान।
HighLights
अरुण जेटली स्टेडियम में होगा मैच
अफगानिस्तान है सीरीज की मेजबान
वैभव सूर्यवंशी पर होगी सबकी नजर
नितिन नागर, जागरण नई दिल्ली। भारत और अफगानिस्तान की टीमें रविवार को तीन मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में आमने-सामने होंगी, लेकिन अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला सिर्फ क्रिकेट की प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं रहेगा। इस बार अफगानिस्तान इस सीरीज का मेजबान भी है, जो दोनों देशों की क्रिकेट की दोस्ती का नया अध्याय माना जा रहा है।
स्टेडियम के गेट नंबर तीन पर अफगानिस्तान की राजधानी काबुल स्थित ‘ताक-ए-जफर’ गेट की प्रतिकृति के सामने शनिवार को भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर और अफगान कप्तान इब्राहिम जादरान ने ‘फ्रेंडशिप कप’ ट्रॉफी का अनावरण किया। ताक-ए-जफर गेट अफगानिस्तान के लोगों के लिए सम्मान और गौरव का प्रतीक है।
मूल गेट काबुल में पांच दशक से भी पहले बनाया गया था। जानकारी के अनुसार, यह गेट युद्ध में जान गंवाने वाले सैनिकों की याद में बनाया गया था, कुछ उसी तरह जैसे दिल्ली का इंडिया गेट शहीदों की स्मृति से जुड़ा है। रविवार से दर्शक इसी प्रतिकृति वाले गेट से स्टेडियम में प्रवेश करेंगे।
अफगानिस्तान के लिए भारत सिर्फ क्रिकेट खेलने की जगह नहीं रहा है। देहरादून और ग्रेटर नोएडा जैसे भारतीय शहर पहले भी उसके घरेलू मुकाबलों और तैयारियों का केंद्र रहे हैं। अफगान टीम ने लंबे समय तक भारत में अभ्यास किया है और यहां उसके खिलाड़ियों को हमेशा गर्मजोशी और प्यार मिला है। ऐसे में अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाली यह सीरीज उसके लिए एक तरह से ‘घर से दूर घर’ जैसी है।
मैदान पर मुकाबला भी कम दिलचस्प नहीं
दोस्ती अपनी जगह है, लेकिन मैदान पर दोनों टीमें जीत के लिए पूरी ताकत लगाएंगी। भारत के सामने सबसे बड़ा सवाल शीर्ष क्रम में वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन में से चुनाव का है। इंग्लैंड में वैभव को मौका मिला था, लेकिन सीरीज के आखिरी मैच में सैमसन की वापसी हुई।
दोनों की अपनी अलग शैली है। सैमसन अनुभव और आक्रामकता का संतुलन देते हैं, जबकि 15 वर्षीय वैभव बेखौफ बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाते हैं। भारत के लिए अच्छी खबर है कि ईशान किशन इस मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे।
शुक्रवार को अभ्यास के दौरान ईशान की पीठ में खिंचाव आ गया था और वह मैदान से बाहर चले गए थे। भारत की नजर अपने स्पिन संयोजन पर होगी। अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर के खेलने की उम्मीद है, जबकि तीसरे विशेषज्ञ स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और तेज गेंदबाज यश ठाकुर में से चुनाव दिलचस्प होगा। जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और नितीश कुमार रेड्डी के भी अंतिम एकादश में रहने की संभावना है।
अफगानिस्तान के स्पिनरों की असली परीक्षा
भारत के लिए यह सीरीज एशियाई खेलों की तैयारी के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। अफगानिस्तान की पूरी ताकत वाली टीम के विरुद्ध तीन टी-20 मैच भारतीय खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय स्पिन आक्रमण का सामना करने का बेहतरीन मौका देंगे।
राशिद खान, नूर अहमद और मुजीब उर रहमान की तिकड़ी भारतीय बल्लेबाजों के सामने बड़ी चुनौती होगी। अफगानिस्तान के पास फजलहक फारूकी और नवीन-उल-हक जैसे तेज गेंदबाज तथा गुलबदीन नायब और अजमतुल्लाह उमरजई जैसे आलराउंडर भी हैं।
भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, इशान किशन, तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई।
अफगानिस्तान टीम
इब्राहिम जादरान (कप्तान), दार्विश रसूली, नूर उल रहमान, रहमानुल्लाह गुरबाज, सेदिकुल्लाह अटल, अजमतुल्लाह ओमरजई, राशिद खान, मोहम्मद नबी, गुलबदीन नाइब, नांगेलिया खरोटे, अब्दुल्ला अहमदजई, फजलहक फारूकी, नवीन उल हक, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद।
गंभीर टीम में आत्मविश्वास पैदा करते हैं : श्रेयस
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने मुख्य कोच गौतम गंभीर को शानदार ‘मैन मैनेजर’ बताते हुए कहा कि वह हर खिलाड़ी के भीतर भरोसा और आत्मविश्वास पैदा करने के साथ उसकी भूमिका को लेकर स्पष्टता बनाए रखते हैं।
मैच की पूर्व संध्या पर अय्यर ने कहा, गंभीर वह टीम के अंदर काफी भरोसा और आत्मविश्वास पैदा करते हैं। हर खिलाड़ी को अपनी भूमिका और जिम्मेदारी की स्पष्ट समझ होती है। कोचिंग के लिहाज से ये सभी चीजें बेहद महत्वपूर्ण हैं। मैंने पहले भी केकेआर में उनके साथ काम किया है, इसलिए मैं निश्चित रूप से समझता हूं कि वह किस तरह सोचते हैं और उनका नजरिया क्या रहने वाला है।
