स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने उम्दा प्रदर्शन करके बनाए वर्ल्ड रिकॉर्ड, अभिषेक शर्मा के माथे पर लगा 'कलंक'
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने उम्दा पारियां खेलकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। वहीं, अभिषेक शर्मा के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हुआ।

स्मृति मंधाना, अभिषेक शर्मा और शेफाली वर्मा
HighLights
स्मृति मंधाना के 11,000 इंटरनेशनल रन पूरे हुए
अभिषेक शर्मा इस साल 10वीं बार शून्य पर आउट हुए
शेफाली वर्मा ने एक कैलेंडर ईयर में सर्वाधिक रन बनाए
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत की महिला और पुरुष टीम ने मंगलवार को मैच खेला, जिसमें कुछ सीना गर्व से भरने वाले तो कुछ अनचाहे रिकॉर्ड बने। बता दें कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने मंगलवार को श्रीलंका को 147 रन से मात देकर एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीता।
भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स 2026 में देश के लिए पहला जबकि एशियन गेम्स इतिहास में लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल जीता। इसके बाद भारतीय पुरुष टीम ने मेजबान जापान के खिलाफ दोस्ताना मुकाबला 2 रन के करीबी अंतर से जीता। चलिए आपको बताते हैं कि स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा और अभिषेक शर्मा ने रिकॉर्ड्स बुक में क्या उथल-पुथल मचाई।
मंधाना बनीं नंबर-1
स्मृति मंधाना ने महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में 11,000 रन पूरे किए और वो ऐसा करने वाली दुनिया की पहली महिला बैटर बनीं। 30 साल की मंधाना को 11,000 हजार रन पूरे करने के लिए 13 रन की जरुरत थी। बाएं हाथ की बैटर ने श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में 45 गेंदों में पांच चौके और सात छक्के की मदद से 79 रन बनाए।
शेफाली का वर्ल्ड रिकॉर्ड
बता दें कि शेफाली वर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में 29 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 48 रन बनाए। शेफाली एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल रन बनाने वाली महिला बैटर बन गईं हैं। उन्होंने साउथ अफ्रीका की लौरा वोलवार्ट को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 824 रन बनाए थे। शेफाली को वोलवार्ट को पीछे छोड़ने के लिए महज 10 रन की दरकार थी। अब उनके इस साल 24 मैचों में 862 रन हो गए हैं।
शर्मा जी ने बनाया अनचाहा क्लब
अभिषेक शर्मा मंगलवार को जापान के खिलाफ बिना खाता खोले आउट हो गए। शर्मा जी 2026 में 10वीं बार बिना खाता खोले आउट हुए। एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा बार टी20 प्रारूप में शून्य पर आउट होने के मामले में अभिषेक शर्मा शीर्ष पर काबिज हो गए हैं। अभिषेक ने राशिद खान का अनचाहा रिकॉर्ड तोड़ा, जो 2019 में 9 बार शून्य पर आउट हुए थे।
