'CSK है तो थाला की सुनी ही जाएगी', हेड कोच बनने के बाद जहीर खान ने दिया मजेदार रिएक्शन
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान चेन्नई सुपर किंग्स के नए हेड कोच बन गए हैं और उन्होंने खुलासा ...और पढ़ें

जहीर खान

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच बन चुके हैं। वे आईपीएल 2027 में टीम की कमान संभालेंगे। उन्होंने चेन्नई के साथ जुड़ने को सम्मान बताया था। अब उन्होंने खुलासा किया है कि उन्हें इस रोल के मिलने के पीछे एमएस धोनी की कैसी भूमिका रही है।
जहीर सीएसके में स्टीफन फ्लेमिंग की जगह लेंगे, जो लगभग पिछले दो दशक से फ्रेंचाइजी के साथ बने हुए थे। फ्लेमिंग में आईपीएल में चेन्नई के लगातार तीन सीजन खराब प्रदर्शन के बाद पद छोड़ा। इसके बाद हेड कोच की रेस में कई नाम सामने आए, जिसमें कुछ विदेशी कोचों का नाम भी शामिल था। हालांकि, जहीर खान के नाम का एलान कर फ्रेंचाइजी ने सभी को हैरान कर दिया।
जहीर खान ने एमएस धोनी के रोल का किया खुलासा
सीएसके के यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए जहीर खान ने धोनी को लेकर खुलासा किया है। उन्होंने कहा, "इसके लिए प्रोसेस बहुत ही आसान और सीधा था। मैं कहूंगा कि एकदम सीएसके स्टाइल में। एमएस टीम के लिए बड़ी ताकत रहे हैं। टीम की दिशा क्या होनी चाहिए, ये समझने के मामले में बहुत जरूरी है। मुझसे मेरी उपलब्धता पूछी गई और मैंने कहा कि हां मैं इसका हिस्सा बनना पसंद करूंगा। ये मेरे लिए खुशी और सम्मान की बात होगी।"
स्टीफन फ्लेमिंग ने छोड़ा था पद
आईपीएल 2009 से चेन्नई के साथ स्टीफन फ्लेमिंग बने हुए थे। इस दौरान उन्होंने टीम को पांच बार चैंपियन बनाया। हालांकि, पिछले तीन सालों में टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। तीन सीजन लगातार सीएसके की टीम प्लेऑफ के लिए भी क्वालीफाई नहीं कर सकी। इसके बाद उन्होंने पद छोड़ दिया और अब जहीर खान उनकी जगह लेंगे।
जहीर खान के लिए होगी बड़ी चुनौती
जहीर खान के लिए आईपीएल 2027 में चेन्नई से जुड़ने के बाद बड़ी चुनौती होने वाली है। युवा खिलाड़ियों को साथ लेकर अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। इसके अलावा कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को लेकर भी सवाल रहे हैं, जिसे भी जहीर को दूर करना होगा। 2023 में आखिरी बार चेन्नई की टीम चैंपियन बनी थी और ऐसे में तीन सालों बाद उनके ऊपर एक बार फिर विजेता बनाने की जिम्मेदारी होगी, जो आसान नहीं होने वाला है।
