'सूर्यकुमार यादव को बाहर करना सही?' सूर्या को रणजी टीम से ड्रॉप करने पर मुंबई के कप्तान ने बयान देकर किया हैरान
मुंबई के कप्तान सिद्धेश लाड ने सूर्यकुमार यादव को रणजी टीम से बाहर करने के चयनकर्ताओं के फैसले का सम्मान ...और पढ़ें

सूर्यकुमार यादव

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, मुंबई। मुंबई के कप्तान सिद्धेश लाड ने गुरुवार को कहा कि वह चंडीगढ़ के विरुद्ध रणजी ट्रॉफी सीजन के पहले मैच के लिए सूर्यकुमार यादव को टीम में शामिल न करने के चयनकर्ताओं के फैसले का सम्मान करते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी अच्छी तैयारी कर रहे हैं, वे हमेशा चर्चा का हिस्सा रहेंगे।
36 वर्षीय सूर्यकुमार ने रणजी ट्रॉफी सीजन से पहले मुंबई टीम के साथ ट्रेनिंग में हिस्सा नहीं लिया था और चयन से लगभग 10 दिन पहले चयनकर्ताओं के फोन का भी जवाब नहीं दिया था। हालांकि सूर्यकुमार ने चयन बैठक के करीब खुद को उपलब्ध कराया था, लेकिन राजेश पवार की अध्यक्षता वाली समिति ने लाल-गेंद में अभ्यास की कमी के कारण पूर्व भारतीय टी-20 कप्तान को टीम में नहीं चुना।
चयनकर्ताओं के फैसले का सम्मान: सिद्धेश लाड
मुंबई की सत्र पूर्व प्रेस वार्ता के दौरान लाड ने मीडिया से कहा कि सूर्या मुंबई क्रिकेट के लिए शानदार खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में मुंबई क्रिकेट और भारतीय टीम के लिए बहुत कुछ किया है। वह विश्व कप विजेता कप्तान भी हैं। हमारे ग्रुप में सूर्या के लिए बहुत सम्मान है। हालांकि, प्रबंधन और चयनकर्ता जो भी फैसले ले रहे हैं और उन्हें इस समय जो सही लग रहा है, इसका एक कप्तान के तौर पर मैं सम्मान करना चाहता हूं। नेट्स में म्हात्रे के शॉट से हाथ पर चोट लगने के कारण शार्दुल ठाकुर के लगभग एक महीने तक बाहर रहने पर लाड ने कहा कि मुंबई को अपने स्टार ऑलराउंडर की कमी खलेगी।
विकेटकीपिंग पर काम कर रहे यशस्वी
मुंबई के कप्तान सिद्धेश लाड ने गुरुवार को बताया कि भारत के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल बल्लेबाजी और लेग-स्पिन के अलावा ‘बैक-अप’ कौशल के रूप में विकेटकीपिंग पर काम कर रहे हैं। रणजी ट्रॉफी 2026-27 सत्र से पहले जायसवाल की विकेटकीपिंग पर कड़ी मेहनत करते हुए तस्वीरें सामने आई हैं।
यह 24 वर्षीय खिलाड़ी भारतीय टीम के नेट में लेग-स्पिन का भी अभ्यास करता है और कुछ मुकाबलों में गेंदबाजी भी कर चुका है। जायसवाल रविवार से चंडीगढ़ के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में शुरू होने वाले मुंबई के रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे, लेकिन राष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के कारण वह दूसरे मैच से आगे उपलब्ध नहीं रहेंगे।
