'2027 मेरा आखिरी वर्ल्ड कप', Virat Kohli का साफ संदेश - 'अब इस चीज की चिंता किए बिना खेलूंगा'
विराट कोहली ने स्पष्ट कर दिया है कि 2027 वनडे वर्ल्ड कप उनका आखिरी टूर्नामेंट होगा और उनका एकमात्र लक्ष्य खिताब जीतना है।

विराट कोहली

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टीम के पोस्टर ब्वॉय विराट कोहली ने अपने भविष्य के बारे में स्पष्ट राय दी। पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा कि नीली जर्सी में 2027 वनडे वर्ल्ड कप उनका आखिरी टूर्नामेंट होगा, जहां उनका एकमात्र लक्ष्य खिताब जीतना है।
कोहली ने साथ ही कहा कि वो अधिक स्वतंत्रता के साथ बल्लेबाजी करेंगे और अपेक्षाओं की चिंता किए बगैर खेलेंगे। कोहली इस समय वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज की तैयारी में जुटे हैं, जिसका पहला मुकाबला रविवार को तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा।
विराट कोहली ने क्या कहा
कोहली ने जियोस्टार से बातचीत में कहा, 'भारत के लिए मेरा आखिरी वर्ल्ड कप होगा। यही मेरा प्रोत्साहन है। मैं अपना सबकुछ देना चाहूंगा। मेरा लक्ष्य विश्व कप खिताब जीतना है। इसके लिए जो भी लगेगा, मैं करने को तैयार हूं।' कोहली चौथी बार वनडे वर्ल्ड कप में शिरकत करते हुए नजर आएंगे, जो अक्टूबर-नवंबर में साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा।
37 साल के कोहली ने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी से बेहतरीन प्रदर्शन किया है। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 12 वनडे में 76 की औसत से 760 रन बनाए, जिसमें तीन शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। पिछले 10 वनडे में उन्होंने 64.68 की औसत से 1035 रन बनाए, जिसमें तीन शतक और सात अर्धशतक शामिल हैं।
अपेक्षा की चिंता नहीं: कोहली
कोहली ने अपनी सोच में बदलाव के बारे में बताया। उन्होंने कहा, 'क्या बदला है? सबसे पहले यह कि मैंने खुद से वादा किया कि अधिक स्वतंत्रता के साथ खेलूंगा। लोग मुझसे क्या अपेक्षा रखते हैं, इसकी चिंता किए बिना खेलूंगा। मैं चीजों को संतुलित करके खेलूंगा।'
भारत की रिकॉर्ड मशीन ने कहा, 'मुझे भरोसा है कि मेरे साथ अन्य खिलाड़ी जो हैं, वो बहुत अच्छे हैं और स्थिति संभालना जानते हैं। मुझे खुद को अभिव्यक्त करने की जरूरत है और निरंतर ऐसा करना होगा। करियर के इस पड़ाव में यह बहुत उत्साहित करने वाली बात है।'
