'जैसी जरूरत थी, वैसा करके दिखाया', भारत की रिकॉर्ड जीत से गदगद हुए कप्तान श्रेयस अय्यर; युवा खिलाड़ी की जमकर की तारीफ
भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 में ऐतिहासिक रन चेज किया। जीत से खुश भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने युवा खिलाड़ी की दिल खोलकर तारीफ की।

श्रेयस अय्यर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड दौरे की विजयी शुरुआत की। श्रेयस अय्यर के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने गुरुवार को क्राइस्टचर्च में खेले गए पहले टी20 में न्यूजीलैंड को दो गेंदें शेष रहते चार विकेट से मात दी और पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई।
टीम इंडिया ने गुरुवार को अपने टी20 इंटरनेशनल इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज किया। बता दें कि न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करके 20 ओवर में 225/4 का स्कोर बनाया। जवाब में भारत ने 19.4 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। भारत की जीत के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने दिल खोलकर साथियों की तारीफ की।
श्रेयस अय्यर ने क्या कहा
यह पूछने पर कि भारतीय टीम जेट लेग से उबर पाई तो अय्यर ने जवाब दिया, 'शानदार जीत रही। संभवत: हमें जेट लेग के बारे में अब भूलना होगा।' भारतीय टी20 कप्तान ने पिच के बारे में अपनी राय बताई।
श्रेयस अय्यर ने कहा, 'हमने जब गेंदबाजी शुरू की तो मुझे लगा कि पिच थोड़ी धीमी है। गेंद थोड़ा रुक रही थी। हम हार्ड लेंथ के बजाय थोड़ी ज्यादा आगे गेंद डाल रहे थे। इस कारण हमारे गेंदबाजों की धुनाई हुई। मगर जैसे मैच की प्रगति हुई तो हमने देखा कि ओस आ रही है। इस कारण पिच सपाट हो रही है।'
ओपनर्स की जमकर की तारीफ
अय्यर ने कहा, 'ओपनर्स की तारीफ करनी होगी। 220 रन के लक्ष्य का पीछा करते समय जिस तरह की शुरुआत की जरूरत थी, वैसा संजू-अभिषेक ने करके दिखाया। दोनों पर्याप्त अनुभवी हैं। आपको उन्हें बताने की जरुरत नहीं कि उन्हें अपना काम कैसे करना है। वो जानते हैं कि क्या करना है। एक बार उनकी शुरुआत हुई तो वो लय आगे लेकर चलते हैं और आज उसी का उदाहरण देखने को मिला।'
भारतीय कप्तान ने आगे कहा, 'निश्चित ही ऐसा हर बार नहीं होगा। मगर एक बार उनका बल्ला चला तो आपने देखा कि हमारे लिए मैच बना दिया था। हम सब क्रीज पर आए और जहाज को संभाला। बस मैच खत्म करने के बारे में सोचा।'
नमन धीर ने किया इंप्रेस
भारतीय कप्तान ने कहा कि युवा नमन धीर ने उन्हें काफी प्रभावित किया। अय्यर ने कहा, 'निश्चित ही नमन ने काफी प्रभावित किया। वो हमें कई विकल्प मुहैया कराते हैं। चाहे बाएं हाथ के बल्लेबाज हो या दाएं हाथ के, इस तरह के मैदान पर आकर दो-तीन अहम ओवर डालने से लय बदल जाती है। मुझे निजी तौर पर उन्हें बल्लेबाजी करते देखने में मजा आया। उन्होंने बेहद शांत और सौम्य रवैया दिखाया।'
बता दें कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार को क्राइस्टचर्च में ही खेला जाएगा। टीम इंडिया की कोशिश सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाने की होगी। वहीं, मिचेल सैंटनर के नेतृत्व वाली कीवी टीम सीरीज में बराबरी करने के इरादे से मैदान संभालेगी।
