विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विराट कोहली के साथ अपने रिश्‍ते पर आखिरकार रोहित शर्मा ने तोड़ी चुप्‍पी, बोले - 'इस कारण से अब बातचीत कम हो गई'

By Suraj PandeyEdited By: Abhishek Nigam
Published: Tue, 29 Sep 2026 11:03 AM (IST)

भारतीय टीम के पूर्व कप्‍तान रोहित शर्मा ने आखिरकार विराट कोहली के साथ अपने रिश्‍ते पर चुप्‍पी तोड़ दी है। ...और पढ़ें

रोहित शर्मा और विराट कोहली

रोहित शर्मा और विराट कोहली

HighLights

  1. कोहली की टेस्ट कप्तानी के मुरीद हैं रोहित 

  2. रोह‍ित ने कहा कि विश्व कप पर नहीं हुई विराट से बात

  3. रोहित ने कहा कि विराट से उनकी दोस्‍ती मजबूत है

सूरज पांडेय, जागरण नई दिल्‍ली। पहले वनडे में वेस्टइंडीज के विरुद्ध आठ विकेट की बड़ी जीत के बाद भारतीय टीम दूसरे वनडे के लिए तैयार है। बुधवार को होने वाले इस मैच से पहले जियोस्टार के साथ विशेष बातचीत में पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने अपने और सीनियर बल्लेबाज विराट कोहली के बीच के संबंधों, वनडे विश्व कप 2027 से पहले की तैयारी समेत तमाम मुद्दों पर चर्चा की।

जानने लायक है कि इस विश्व कप का शेड्यूल एक अक्टूबर को घोषित होगा। इसका सीधा प्रसारण जियो हॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स पर होगा।

विराट से मेरी अच्‍छी दोस्‍ती

विराट के साथ के अपने तालमेल पर रोहित ने कहा कि हम दोनों ने लगभग एक ही समय पर खेलना शुरू किया था। मैंने 2007 में पदार्पण किया और उन्होंने 2008 में। तभी से हम टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश कर रहे हैं। तो हां, हम दोनों के बीच अच्छी दोस्ती है और हम समझते हैं कि इस लेवल पर खेलने के लिए किस चीज की जरूरत होती है।

रोहित ने क्‍या कहा

जाहिर है, तरीके अलग-अलग हैं, लेकिन ऐसा ही होना चाहिए, हर व्यक्ति अलग होता है। उन्होंने टीम के लिए जो किया है, उस पर कोई सवाल नहीं है, यह पूछने की जरूरत नहीं है कि उन्होंने क्या किया है। यह सबके सामने है। वो वही कोहली रहेंगे जिन्हें हम जानते हैं।

वह अच्छी तैयारी करना चाहते हैं, रन बनाना चाहते हैं, भारतीय टीम के लिए मैच जीतना चाहते हैं। मैं उनमें यही देखता हूं। जब वह कप्तान थे, तब भी लगभग ऐसा ही था। जब मैं कप्तान था, तब भी लगभग ऐसा ही था। और मुझे कोई कारण नहीं दिखता कि कुछ बदलने की जरूरत है।

विश्‍व कप की कोई चर्चा नहीं

रोहित ने ये भी कहा कि वनडे विश्व कप से पहले इस बारे में उनकी विराट के साथ अभी कोई चर्चा नहीं हुई है। रोहित के मुताबिक विश्व कप तो विश्व कप ही है और सबको इसका महत्व पता है, खासतौर से कोहली को इसलिए इस बारे में अलग से कुछ बताने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने सबसे ज्यादा विश्व कप खेले हैं, ये उनका पांचवां विश्व कप होगा, उन्हें इसका महत्व पता है। इसलिए ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई। चर्चा इस पर होती है कि साथ बैटिंग करते वक्त हम क्या कर सकते हैं, किस गेंदबाज पर हमला करना है और किस पर सिंगल लेना है।

एक-दूसरे की तारीफ करने से पीछे नहीं हटते

बकौल रोहित वह विराट का बहुत सम्मान करते हैं। रोहित के मुताबिक अगर कुछ अच्छा होता है तो दोनों ही खिलाड़ी एक-दूसरे की तारीफ करने से पीछे नहीं हटते। रोहित खासतौर से विराट कोहली की टेस्ट कप्तान के मुरीद हैं।

दोनों बल्लेबाज एक-दूसरे की बल्लेबाजी के बारे में भी बात करते रहते हैं। हालांकि, इस दौरान बातचीत कम हो गई है, क्योंकि दोनों ही खिलाड़ी सिर्फ वनडे खेलते हैं और अब वनडे मैच कम होते हैं।

नोट:भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा वनडे मैच 30 सितंबर को दोपहर 2 बजे से JioHotstar और Star Sports Network पर लाइव देखा जा सकता है। 

यह भी पढ़ें- IND vs WI: विराट कोहली ने 139 रन की पारी खेलकर लगाया रिकॉर्ड्स का अंबार, यहां देखें पूरी लिस्‍ट

यह भी पढ़ें- विराट कोहली ने रचा इतिहास, वनडे में 15000 रन बनाने वाले दुनिया के दूसरे बल्‍लेबाज बने