हार्दिक पांड्या को कप्तानी के लिए इस टीम का थामना होगा हाथ, अश्विन ने बताया फ्रेंचाइजी का नाम
हार्दिक पांड्या के मुंबई इंडियंस छोड़ने की अटकलों के बीच, पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने उनके आईपीएल भविष्य पर बड़ी भविष्यवाणी की है।

हार्दिक पांड्या (फोटो: BCCI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के मुंबई इंडियंस छोड़ने की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। हार्दिक की कप्तानी में मुंबई ने तीन सीजन खेले लेकिन टीम दो बार प्लेऑफ में भी नहीं पहुंची। इसके बाद हार्दिक को लेकर खबरें सामने आ रही हैं कि वे मुंबई छोड़ देंगे। इस दौरान कई फ्रेंचाइजियों ने रिपोर्ट के मुताबिक उनसे संपर्क किया है, जिसमें पांच से छह टीमें शामिल हैं।
हार्दिक को लेकर ऐसी रिपोर्ट भी सामने आई कि वे गुजरात टाइटंस में भी जा सकते हैं। हालांकि, हार्दिक कप्तानी चाहते हैं लेकिन गुजरात शुभमन गिल को ही कप्तान बनाए रखना चाहती है। इसके अलावा चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स में भी जाने की खबरें सामने आई। अब पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने हार्दिक के आईपीएल भविष्य को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है।
रविचंद्रन अश्विन ने की भविष्यवाणी
अश्विन का मानना है कि हार्दिक के लिए आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स सबसे बेहतर टीम साबित होगी। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए पांड्या के भविष्य को लेकर बात की है। उन्होंने कहा, "केकेआर में जाने से हार्दिक कप्तान बन सकते हैं। वे हार्दिक की जगह वरुण चक्रवर्ती को ऑफर कर सकते हैं। हालांकि, मुझे नहीं लगता है कि जब तक अभिषेक नायर वहां पर हैं, वे वरुण को जाने देंगे। हर्षित राणा और रिंकू सिंह दूसरे ऑप्शन हो सकते हैं।"
अश्विन ने आगे कहा, "राजस्थान रॉयल्स के साथ यशस्वी जायसवाल या तुषार देशपांडे या बृजेश शर्मा हो सकते हैं। इसके अलावा जायसवाल के साथ यशराज पुंजा या रवि विश्नोई हो सकते हैं। मुंबई को एक कीपर की भी जरूरत है और वे अपनी गेंदबाजी को भी मजबूत करना चाहेंगे। उमरजई के साथ पीबीकेएस में एमआई की दिलचस्पी हो सकती है।"
हार्दिक की कप्तानी में मुंबई का खराब प्रदर्शन
हार्दिक को मुंबई ने साल 2024 में गुजरात टाइटंस से ट्रेड के जरिए अपने साथ जोड़ा था। इसके बाद से उन्होंने अब तक तीन सीजन तक टीम की कप्तानी की लेकिन मुंबई का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। 2024 में एमआई प्लेऑफ में भी नहीं पहुंच सकी। इसके बाद 2025 में एमआई क्वालीफायर में पहुंची लेकिन पंजाब किंग्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 2026 में भी टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंची।
