'वैभव ने तबाही मचा दी', सूर्यवंशी की पारी के फैन हुए कप्तान तिलक वर्मा
भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने यूएई ए के खिलाफ मैच में दोहरा शतक लगाया। उन्होंने 53 बॉल में 204 रन बनाए, जिसमें 28 छक्के शामिल थे।

वैभव सूर्यवंशी (P. C- BCCI X)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारत ए ने यूएई ए को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। मंगलवार को खेले गए मैच में भारत ने वैभव सूर्यवंशी के विस्फोटक दोहरे शतक से यूएई को सात विकेट से हरा दिया। भारत ए की जीत के बाद टीम के कप्तान तिलक वर्मा ने वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है।
वैभव सूर्यवंशी ने 53 बॉल में 204 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी में सात चौके और 28 छक्के शामिल थे।
मैच के बाद भारतीय कप्तान तिलक वर्मा ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी के बारे में बताने के लिए शब्द नहीं हैं, मैं बस इतना कहूंगा कि उन्होंने तबाही मचा दी। उन्होंने कहा कि जिस तरह से उन्होंने खेला, मुझे लगता है कि मैच पहले पांच ओवरों में ही खत्म हो गया था। भारतीय कप्तान ने कहा, पांच ओवरों में हम 100 रन पर थे और उसके बाद उन्होंने जिस तरह से अपनी पारी जारी रखी, उसे देखना शानदार था।
अब तक की सबसे बेहतरीन पारी: तिलक वर्मा
उन्होंने कहा कि भारतीय डगआउट में सब लोग बस मजे ले रहे थे और खेल देख रहे थे, यहां तक कि जब गेंद चौके के लिए गई, तो किसी ने उस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। सब बस यही पूछ रहे थे, "छक्का मारा क्या? छक्का मारा क्या?" तिलक वर्मा ने कहा कि यह एक बहुत अच्छी पारी थी, जिसे देखना शानदार रहा, यह अब तक की सबसे बेहतरीन पारियों में से एक थी।
भारतीय कप्तान ने की अरशद खान की तारीफ
तिलक वर्मा ने कहा कि अपने पहले ही मैच में अरशद ने जिस तरह से गेंदबाजी की, वह आने वाले मैचों के लिए हमारे लिए बहुत अहम है, उम्मीद है कि इससे उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि पिच बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छी थी, अरशद ने बाउंसर का इस्तेमाल करते हुए और अपनी लाइन व लेंथ में जो बदलाव किया, वह वाकई बहुत प्रभावशाली था। उनकी गेंदबाजी काफी सटीक थी, इसलिए इसका श्रेय उन्हें भी जाता है।
रिंकू सिंह को बैटिंग ऑर्डर में ऊपर भेजने पर क्या बोले तिलक वर्मा ?
यूएई के खिलाफ मैच में बैटिंग ऑर्डर में भारत में बदलाव किया। तिलक वर्मा से पहले रिंकू सिंह बल्लेबाजी करने उतरे। भारतीय कप्तान ने कहा कि रिंकू सिंह को नंबर पांच पर ही बैटिंग में भेजने का प्लान था, मगर मुझे अपने बाईं तरफ थोड़ी जकड़न महसूस हो रही थी, इसलिए मैं सेमीफाइनल से पहले कोई रिस्क नहीं लेना चाहता था। उन्होंने कहा कि रिंकू को भी बैटिंग का मौका मिलना चाहिए, क्योंकि उन्हें शुरुआती कुछ मैचों में बैटिंग करने का मौका नहीं मिला था। भारतीय कप्तान ने कहा, आज के मैच से हमें बैटिंग और बॉलिंग दोनों में काफी कॉन्फिडेंस मिलेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।