विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारतीय बल्लेबाजों का न्यूजीलैंड में खौफ, माइकल ब्रेसवेल ने बताया कीवियों के लिए क्या होगी चुनौती?

By Nitin NagarEdited By: Praveen Kumar Mishra
Published: Wed, 04 Nov 2026 04:00 AM (IST)

न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल ने विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे भारतीय बल्लेबाजों के सामने गेंदबाजी को रोमांचक चुनौती ...और पढ़ें

माइकल ब्रेसवेल-भारतीय टीम

माइकल ब्रेसवेल-भारतीय टीम

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

नितिन नागर, जागरण, नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल का मानना है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे विश्व स्तरीय बल्लेबाजों के सामने गेंदबाजी करना हमेशा रोमांचक चुनौती होती है। उन्होंने दोनों भारतीय दिग्गजों की लंबे समय तक शानदार प्रदर्शन करने और निरंतरता बनाए रखने की क्षमता की सराहना की।

ब्रेसवेल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की खूबसूरती ही यही है कि आपको दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के विरुद्ध खुद को परखने का मौका मिलता है। ब्रेसवेल ने पहले वनडे से पहले ‘दैनिक जागरण’ से बात करते हुए कहा, कोहली और रोहित ने कई वर्षों तक भारतीय बल्लेबाजी क्रम को मजबूती दी है।

मैंने फैन के तौर पर कोहली-रोहित को खेलते हुए देखा

उन्होंने कहा, मेरे करियर के शुरुआती दिनों में मैं एक प्रशंसक के तौर पर इन दोनों को दूर से खेलते हुए देखता था। जिस तरह से वे बल्लेबाजी करते हैं, वह शानदार है। ब्रेसवेल ने कहा कि भारतीय टीम का सामना करने पर आपको हमेशा बेहतरीन खिलाड़ियों के विरुद्ध खेलना पड़ता है। कोहली और रोहित के साथ शुभमन गिल भी इस समय दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल हैं। ऐसे बल्लेबाजों के विरुद्ध खेलना किसी भी गेंदबाज के लिए बड़ी चुनौती है।

ऑलराउंडर के लिए बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों अहम

अपनी भूमिका के बारे में पूछे जाने पर ब्रेसवेल ने कहा कि एक ऑलराउंडर के रूप में आप खेल के सभी पहलुओं में प्रभाव छोड़ना चाहते हैं। कई बार परिस्थितियां तय करती हैं कि किस विभाग में अधिक योगदान देना है। निचले क्रम में बल्लेबाजी करते समय आपके क्रीज पर पहुंचने से पहले मैच काफी आगे बढ़ चुका होता है। गेंदबाजी में आपको परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना होता है और यह समझना होता है कि पिच और हालात क्या दे रहे हैं। उसी के अनुसार प्रभावी गेंदबाजी करने की कोशिश करनी होती है। 50 ओवर तक मैदान पर ऊर्जा बनाए रखना और टीम के साथियों का उत्साह बढ़ाना भी आलराउंडर की जिम्मेदारी है।

टी20 सीरीज ले न्यूजीलैंड को मिला आत्मविश्वास

टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के बाद वनडे प्रारूप में बदलाव को लेकर ब्रेसवेल ने कहा कि दोनों टीमों के खिलाड़ियों में कुछ बदलाव होंगे और ऐसे में नई परिस्थितियों के साथ जल्दी तालमेल बैठाना होगा। उन्होंने कहा कि टी-20 सीरीज का मुकाबला काफी करीबी रहा और न्यूजीलैंड ने उससे आत्मविश्वास हासिल किया है।

ब्रेसवेल ने कहा, सीरीज में 3-2 का परिणाम बताता है कि मुकाबला कितना करीबी था। हमने उससे काफी आत्मविश्वास हासिल किया है। वनडे में आने पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों में कुछ बदलाव होते हैं। टीम के रूप में एकजुट होने और वनडे क्रिकेट की बारीकियों पर काम करने के लिए ज्यादा समय नहीं मिलता। ऐसे में आपको पहली गेंद से ही अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होता है।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले वनडे सीरीज का प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- 'उनकी कहानी खत्म हो चुकी है' भुवी की खराब वापसी पर भड़के अश्विन; करियर को लेकर दी चेतावनी

यह भी पढ़ें- वैष्णवी शर्मा ने वनडे रैंकिंग में लगाई लंबी छलांग, प्रतिका रावल को भी हुआ बड़ा फायदा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।