मोहसिन नकवी से ट्रॉफी न लेने पर कपिल देव का बयान आया सामने, भारतीय महिला टीम को दे डाली अनोखी सलाह
महिला एशिया कप 2026 जीतने के बाद टीम इंडिया ने मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया ...और पढ़ें

भारतीय महिला क्रिकेट टीम (फोटो: BCCI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2026 में जीत के बाद एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। टीम इंडिया ने रविवार को दुबई में खेले गए फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को हराकर रिकॉर्ड 8वीं बार खिताब पर कब्जा जमाया था। इसके बाद हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम ने नकवी के हाथों ट्रॉफी नहीं ली।
साल 2025 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने एशिया कप का खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद भारतीय टीम ने ट्रॉफी नकवी के हाथों नहीं ली थी। महिला टीम ने भी ठीक वैसा ही किया और फाइनल जीतने के बावजूद कौर की कप्तानी वाली टीम को बिना ट्रॉफी के भारत वापस लौटना पड़ा। अब इस मामले पर भारत को 1983 का वर्ल्ड कप जिताने वाले कपिल देव ने प्रतिक्रिया दी है।
कपिल देव ने दी प्रतिक्रिया
भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव से महिला टीम के द्वारा नकवी से ट्रॉफी नहीं लेने पर सवाल किया गया। इस पर पूर्व दिग्गज ने मजेदार और छोटा जवाब दिया। उन्होंने कहा, "उन सभी को गोल्फ खेलना चाहिए।" 1983 विश्व कप विजेता कप्तान का ये जवाब अब चर्चा में है। बता दें कि क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद कपिल गोल्फ खेलने पर ध्यान दे रहे हैं। वे 72 द लीग के प्रसिडेंट हैं, जो गोल्फ से संबंधित है।
BCCI ने बताया था कारण
ट्रॉफी नहीं लेने के बाद बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया सामने आए, उन्होंने बताया कि आखिर टी इंडिया ने नकवी के हाथों से ट्रॉफी क्यों ली? स्पोर्ट्स तक से बात करते हुए सैकिया ने कहा, "पहलगाम हमले के बाद नकवी भारत के खिलाफ लगातार बयानबाजी करते रहे, जिसकी वजह से भारतीय टीम ने उनके हाथों से ट्रॉफी नहीं ली। हमने पहले ही एसीसी को बता दिया था कि हम नकवी के हाथों से ट्रॉफी नहीं लेंगे। उनकी जगह एसीसी के उपाध्याक्ष खालिद अल जरूनी, जो यूएई क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष हैं, उनके हाथों से टीम ट्रॉफी ले लेगी लेकिन नकवी ने ऐसा नहीं किया।"
