'टीम इंडिया कन्फ्यूज, फाइन ट्यूनिंग करने में फेल', कप्तान शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज सीरीज के बाद कहे चुभने वाले बोल
भारतीय वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज सीरीज के बाद अपनी टीम की कमियों पर बात की है ...और पढ़ें
-1791082888029_m.webp)
शुभमन गिल ने बताईं टीम की कमियां

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे में मिली हार के बाद कड़े शब्द कहे हैं। गिल के मुताबिक टीम इंडिया में काफी कमी है जिसको ठीक करना बेहद जरूरी है। भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज तो जीत ली, लेकिन वह क्लीन स्वीप नहीं कर पाई। न्यू चंडीगढ़ में शनिवार को खेले गए तीसरे वनडे मैच में भारत को हार का सामना करना पड़ा जिसके बाद गिल का गुस्सा फूटा।
भारत ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में सात विकेट खोकर 351 रन बनाए। यह टारगेट मुश्किल लग रहा था, लेकिन वेस्टइंडीज ने शाई होप के नाबाद 162 रनों के दम पर यह टारगेट हासिल कर लिया जो वनडे में उसका सबसे बड़ा रन चेज है। भारत के लिए इस मैच में केएल राहुल ने 129 रनों की पारी खेली।उनके अलावा रोहित शर्मा ने 92 और ऋतुराज गायकवाड़ ने 57 रन बनाए।
फाइन ट्यूनिंग की कमी
गिल ने तीसरे वनडे मैच के बाद कहा कि अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी के लिहाज से काफी सारी चीजें सही हैं, लेकिन फिर भी कुछ चीजों की कमी है। गिल ने कहा, "कई सारे बॉक्स टिक हो गए हैं, लेकिन कुछ जगह हैं जहां फाइन ट्यूनिंग की जरूरत है। हमारी फील्डिंग बेहतर हो सकती है। हमने छह-सात कैच छोड़े जो वर्ल्ड कप की तैयारी के लिहाज से सही नहीं हैं।"
गिल ने टीम की डेथ ओवरों में गेंदबाजी की कमी पर भी बात की। भारत ने पिछले दो मैचों में जमकर रन लुटाए। दूसरे मैच में तो वेस्टइंडीज ने 400 का आंकड़ा पार कर लिया था। इसे देखते हुए गिल ने कहा, "हमें अपनी डेथ गेंदबाजी पर काम करने की जरूरत है। हम इस बात को लेकर साफ नहीं है कि हमें अटैक करना है या डिफेंस, खासकर जब हम डेथ ओवरों में गेंदबाजी करते हैं तो। वनडे ऐसा फॉर्मेट है कि सामने वाली टीम के पांच-छह विकेट गिरे होते हैं तब भी पता नहीं होता है कि क्या फील्डिंग लेनी है। मुझे लगता है कि ये वे श्रेत्र हैं जहां सुधार किया जा सकता है।"
सीरीज भारत के नाम
गिल की कप्तानी में भारत ने वेस्टइंडीज को तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-1 से हरा दिया। टीम इंडिया ने शुरुआती दो मैच जीत पहले ही सीरीज कब्जा ली थी। उसकी कोशिश तीसरा वनडे जीतकर विंडीज का सूपड़ा साफ करने की थी, लेकिन होप ने ऐतिहासिक पारी ने उम्मीदों पर पानी फेर दिया। देखा जाए तो इस सीरीज में रनों की बारिश हुई। गुवाहाटी में खेले गए दूसरे वनडे मैच में तो दोनों टीमों ने 400 का आंकड़ा पार किया जिसमें मेजबान टीम ने वनडे में अपना सबसे सफल चेज हासिल किया।
दूसरे वनडे में विंडीज ने जॉन कैंपबेल, होप और आमिर जांगू के शतकों के दम पर पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट खोकर 405 रन बनाए। भारत ने शुभमन गिल के दोहरे शतक और रोहित शर्मा के शतक के बूते यह टारगेट हासिल कर लिया था। तीसरे वनडे में भी दोनों टीमों की तरफ से रनों की बारिश हुई।
