'ये क्रिकेट नहीं है', भारत के ऐतिहासिक रन चेज के बावजूद खुश नहीं हैं गौतम गंभीर; ब्रॉडकास्टर्स को भी लपेटा
भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 406 रनों का लक्ष्य आसानी से हासिल किया। इसके बावजूद टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर नाराज दिखाई दिए।

गौतम गंभीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 406 रनों के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। टीम इंडिया ने पहली बार वनडे क्रिकेट में 400+ रनों का सफलतापूर्वक पीछा किया है। हालांकि, भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर इससे खुश दिखाई नहीं दे रहे हैं। उनका मानना है कि ये क्रिकेट नहीं है।
गुवाहाटी के बारसपारा क्रिकेट स्टेडिम में खेले गए दूसरे वनडे मैच में बल्लेबाजों को कहर देखने को मिला। वेस्टइंडीज की तरफ से तीन बैटर्स ने शतक लगाया। इसके बाद भारत के रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने 100 से अधिक रनों की पारी खेली। गिल ने तो दोहरा शतक जमा दिया। मुकाबले में कुल 811 रन बने, जिसकी वजह से कोच गंभरी नाराज नजर आए और उन्होंने इस तरह की पिच पर सवाल उठाए।
गौतम गंभीर नाखुश नजर आए
भारतीय टीम के द्वारा 406 रनों का पीछा करने के बाद भारतीय हेड कोच ने ब्रॉडकास्टर से बात की। इस दौरान वे खुश दिखाई नहीं दिए। उन्होंने कहा, "ये क्रिकेट नहीं है। मैं बल्ले और गेंद के बीच अधिक मुकाबला देखना चाहता हूं। ये फैंस और ब्रॉडकास्टर के लिए तो अच्छा है लेकिन आपको गेंदबाजों के बारे में भी सोचना चाहिए। उन्हें कुछ सपोर्ट देने की जरूरत है।"
भारत ने किया ऐतिहासिक रन चेज
वेस्टइंडीज ने भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 405 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। विंडीज के लिए जॉन कैंपबेल (101), शाई होप (104) और आमिर जांगू (114) ने शतक लगाया। भारतीय गेंदबाज भी गुवाहाटी की पिच पर कुछ नहीं कर सके और सभी बॉलर्स ने 6 से अधिक की इकोनॉमी से रन खर्चे। कैरेबियाई टीम के दो बल्लेबाजों ने तो 70 से कम गेंदों पर शतक लगाया।
406 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने भी आक्रामक शुरुआत की। पारी की शुरुआत में विंडीज के गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिली लेकिन फिर उसके बाद पिच पर बल्लेबाजी पूरी तरह से आसान हो गई। रोहित शर्मा ने 72 गेंदों पर शतक ठोका, जबकि गिल ने 62 गेंदों पर ही सेंचुरी पूरी कर ली। भारत ने 406 रनों के लक्ष्य को 43.3 ओवरों में आसानी से हासिल कर लिया।
