IND vs NZ: पहले दिन के बाद पछता रही है टीम इंडिया, आकाशदीप सिंह ने खोल दिया ड्रेसिंग रूम के अंदर का राज
भारतीय तेज गेंदबाज आकाशदीप सिंह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन के खेल के बाद कहा कि टीम इंडिया और बेहतर प्रदर्शन कर सकती थी।

आकाशदीप ने पहले दिन झटके दो विकेट

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद कहा है कि उनकी टीम पहले दिन और ज्यादा बेहतर खेल दिखा सकती थी।
न्यूजीलैंड ने दिन का अंत पांच विकेट के नुकसान पर 246 रनों के साथ किया। एक समय न्यूजीलैंड का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 110 रन था। यहां भारत का पलड़ा भारी लग रहा था, लेकिन आखिरी सेशन में मेजबान टीम ने वापसी की। दिन का खेल खत्म होने तक टॉम ब्लंडल 53 और ग्लेन फिलिप्स 36 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत की तरफ से आकाशदीप ने दो विकेट लिए।
कर सकते थे बेहतर
भारत को शुरुआत में नई गेंद से फायदा मिला, लेकिन बाद में उसके गेंदबाज संघर्ष करते दिखे। हालांकि, गेंद कई बार बल्ले का किनारा लेकर स्लिप में गई लेकिन फील्डर तक नहीं जा सकी। आकाशदीप को लगता है कि पहले दिन भारतीय टीम के गेंदबाज और बेहतर कर सकते थे, लेकिन उन्होंने इस बात को भी माना कि ब्रेक के बाद टीम का अच्छे एरिया में गेंदबाजी करने का फैसला फायदेमेंद साबित हुआ।
आकाशदीप ने कहा, "पहले सेशन में, गेंद पर कुछ नमी थी और वह आसानी से बल्ले पर नहीं आ रही थी और न ही तेजी से जा रही थी और इसी कारण जो किनारे लग रहे थे वो स्लिप फील्डरों तक नहीं जा रहे थे। शुरुआत में हम भी गेंद को मूव करा रहे थे। लंच के बाद हमने फैसला किया कि हम अच्छे एरिया में गेंदबाजी करेंगे और धैर्य रखेंगे। यह हमारा प्लान था और इससे हमें मदद मिली। कुल मिलाकर अच्छा दिन रहा, लेकिन हम और बेहतर कर सकते थे।"
गंवा दिया मौका
पहले सत्र में एक विकेट लेने के बाद टीम इंडिया ने दूसरे सत्र में दो सफलताएं हासिल कीं। तीसरे सत्र में भारतीय टीम को डेरिल मिचेल के रूप में एक और विकेट मिला। यहां भारत के पास मौका था कि वह कुछ और विकेट लेकर न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को कमजोर कर दे, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।