IND vs AFG: अफगानिस्तान के ड्रेसिंग रूम में 'घुसे' वैभव सूर्यवंशी, 15 साल के तूफान को रोकने तैयार है अफगानी मास्टर प्लान
वैभव सूर्यवंशी अपनी तूफानी बल्लेबाजी के कारण गेंदबाजों के लिए खौफ बन चुके हैं। अफगानिस्तान टीम का भी यही हाल ...और पढ़ें
-1789274484041_m.webp)
अफगानिस्तान टीम में वैभव सूर्यवंशी का डर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी महज 15 साल के हैं, लेकिन वह दुनिया भर के गेंदबाजों के लिए खौफ का दूसरा नाम बन चुके हैं। उन्होंने जो खेल दिखाया उसने सभी को कंपा दिया। हालांकि, इंटरनेशनल क्रिकेट में अभी तक उनका आईपीएल वाला रूप नहीं दिखा है, लेकिन कौन जाने कब वैभव का बल्ला तूफान बरसा बैठे। इसी कारण वह दूसरी टीमों के दिमाग में घुस बैठे हैं। अफगानिस्तानी टीम के ड्रेसिंग रूम में वैभव पर खास चर्चा तक हुई है।
अरुण जेटली स्टेडियम में आज भारत का सामना अफगानिस्तान से है। वैभव खेलेंगे या नहीं ये पक्का नहीं है, लेकिन अफगानिस्तान के ड्रेसिंग रूम में वह जरूर पहुंच गए और उनके बारे में टीम ने प्लान भी तैयार किया है।
शानदार टैलेंट हैं वैभव
अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान ने माना कि उनके ड्रेसिंग रूम में वैभव को लेकर खास चर्चा हुई और बाएं हाथ के इस बल्लेबाज के लिए उन्होंने एक प्लान भी तैयार किया है। शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, "वह शानदार टैलेंट हैं। आईपीएल में उन्होंने बेहतरीन खेल दिखाया है। वह अलग-अलग टूर्नामेंट में अच्छा खेल दिखा रहे हैं। आईपीएल में जो उनके साथ और खिलाफ जो खिलाड़ी खेले हैं उनसे हमारे पास वैभव की जानकारी है।"
उन्होंने कहा, "हमने उनके वीडियो देखे हैं। हम चीजों को सिंपल रखने की कोशिश करेंगे और अपने प्लान को लागू करने की कोशिश करेंगे।"
बड़ी जिम्मेदारी के लिए तैयार
जादरान को इसी साल की शुरुआत में अफगानिस्तान की टी20 टीम की कप्तानी मिली है। उनसे पहले राशिद खान ये जिम्मेदारी संभाल रहे थे। जादरान का कहना है कि ये बड़ी जिम्मेदारी है और वह पूरी कोशिश करेंगे कि भरोसे पर खरा उतर सकें।
उन्होंने कहा, "मेरे लिए ये बड़ी जिम्मेदारी है। एक खिलाड़ी और कप्तान के तौर पर मैं इसका लुत्फ लेना चाहता हूं। मैं जिम्मेदारी लेकर दबाव की स्थिति में सही फैसले करना चाहता हूं। हम परिस्थितियों को अच्छे से जानते हैं। हमें बस प्लान को अच्छे से लागू करना है।"
