विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारतीय टीम से नहीं डरते, हमारा ध्यान केवल अच्छा क्रिकेट खेलने पर: अजमतुल्लाह ओमरजई

Published: Sat, 12 Sep 2026 05:00 AM (IST)

भारत के विरुद्ध टी-20 सीरीज से पहले अफगानिस्तान के ऑलराउंडर अजमतुल्लाह ओमरजई का कहना है कि टीम भारतीय टीम से भिड़ने को तैयार है।

अजमतुल्लाह ओमरजई

अजमतुल्लाह ओमरजई

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। भारत के विरुद्ध कल से शुरू हो रही तीन मैचों की टी-20 सीरीज से पहले अफगानिस्तान के ऑलराउंडर अजमतुल्लाह ओमरजई का कहना है कि टीम भारतीय टीम से भिड़ने को तैयार है और किसी तरह का दबाव नहीं है। ओमरजई ने कहा कि अब दोनों देश काफी क्रिकेट खेल रहे हैं और ऐसे में दर्शकों को अच्छा क्रिकेट देखने को मिलेगा। अमजतुल्लाह से नितिन नागर ने विशेष बातचीत की। पेश हैं प्रमुख अंश:-

हाल ही में भारत और अफगानिस्तान के बीच टेस्ट और वनडे सीरीज हुई, जिसमें भारत का पलड़ा भारी रहा। उस सीरीज से अफगानिस्तान ने क्या सीखा और टी-20 सीरीज में क्या अलग करने की कोशिश होगी?

हमने भारत के खिलाफ टेस्ट मैच और तीन वनडे खेले और भारत ने सीरीज जीती। हमने वहां से काफी कुछ सीखा है। अब प्रारूप बदल गया है और हमारी मानसिकता और योजना भी अलग है। हम बेहतर क्रिकेट खेलने की कोशिश करेंगे और इस बार भारत को हराने का पूरा प्रयास करेंगे।

कुछ साल पहले तक अफगान खिलाड़ियों में भारत को लेकर एक तरह का डर या दबाव देखने को मिलता था। क्या अब वह बदल गया है?

आईपीएल में खेलने से हमें काफी अनुभव मिला है। पहले हम बड़े खिलाड़ियों को टीवी पर देखते थे, लेकिन अब उन्हीं खिलाड़ियों के साथ खेलते हैं और ड्रेसिंग रूम साझा करते हैं। इससे हमें बहुत कुछ सीखने को मिलता है। जहां तक डर की बात है तो हम भारत से बिल्कुल नहीं डरते। हमारा ध्यान सिर्फ क्रिकेट पर है। जो टीम और खिलाड़ी ज्यादा मेहनत करेंगे, उन्हें उसका फायदा मिलेगा। हम भी अपनी तरफ से पूरी मेहनत करेंगे।

15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी इस सीरीज का हिस्सा हैं और उनके बारे में काफी चर्चा हो रही है। आप उन्हें किस तरह देखते हैं? क्या अफगानिस्तान की टीम के लिए वह बड़ी चुनौती होंगे?

इसमें कोई शक नहीं कि वह भारत के बहुत शानदार युवा प्रतिभा हैं। उन्होंने आईपीएल और अंडर-19 क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है। वह काफी प्रतिभाशाली, स्किलफुल और तेज खिलाड़ी हैं। लेकिन हम उनके बारे में ज्यादा नहीं सोचेंगे।

हम अपनी मजबूतियों पर ध्यान देंगे। अगर हम उन चीजों पर ध्यान देंगे जो हमारे नियंत्रण में नहीं हैं, तो इसका असर हमारे प्रदर्शन पर पड़ सकता है। इसलिए हम अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करेंगे और फिर देखेंगे कि क्या होता है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर बहुत कम हैं और आप उनमें से एक हैं। आप अपने शरीर और वर्कलोड को कैसे मैनेज करते हैं?

ऑलराउंडर का काम थोड़ा मुश्किल होता है, क्योंकि आपको बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों पर ध्यान देना पड़ता है। मेरे हिसाब से डाइट और रिकवरी पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। जब आपकी रिकवरी और फिटनेस अच्छी होती है तो मैदान पर प्रदर्शन भी बेहतर होता है। ऑलराउंडरों पर काफी वर्कलोड होता है और इसी वजह से चोट का खतरा भी ज्यादा रहता है। मैदान पर जाने से पहले रिकवरी, जिम और न्यूट्रिशन पर ध्यान देना जरूरी है।

पिछली भारत-अफगानिस्तान टी-20 सीरीज में बेंगलुरु में दो सुपर ओवर देखने को मिले थे। क्या इस बार अफगानिस्तान सीरीज में उलटफेर करने के इरादे से उतरेगा?

हां, हम जीतने की कोशिश करेंगे और अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे। हमें सिर्फ अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने पर ध्यान देना है। अगर हम नतीजे के बारे में ज्यादा सोचेंगे तो उसका असर हमारे प्रदर्शन पर पड़ सकता है। पिछली सीरीज में दो सुपर ओवर से हमने काफी कुछ सीखा। उस समय हमारी फिनिशिंग में कुछ गलतियां हुई थीं और हमने मैच खत्म करने के तरीके पर काम किया है।

हमने सीखा है कि मैच के अहम समय में शरीर और दिमाग को शांत कैसे रखना है और अपना फोकस कैसे बनाए रखना है। दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध भी एक मैच में दो सुपर ओवर हुए थे। इससे हमने अपनी फिनिशिंग स्किल्स पर काफी काम किया है।

सीरीज दिल्ली में हो रही है और यहां अफगानिस्तान की कुछ अच्छी यादें भी हैं। क्या दिल्ली को आप घरेलू परिस्थितियों जैसा मानते हैं और कितना लाभ मिलेगा?

यह हमारे लिए होम सीरीज है, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने यहां हमसे ज्यादा क्रिकेट खेला है। वे आईपीएल में भी खेलते हैं और यहां की परिस्थितियों से अच्छी तरह परिचित हैं। लेकिन दिल्ली में हमारा इतिहास अच्छा रहा है। हमने 2023 विश्व कप में इंग्लैंड को हराया था और पिछले टी20 विश्व कप में यूएई को भी हराया था। इसलिए हमारे पास यहां खेलने का अच्छा अनुभव है। हम भारत के विरुद्ध अच्छा और सकारात्मक क्रिकेट खेलने और उन्हें हराने की कोशिश करेंगे।

यह भी पढ़ें- IND vs AFG 1st T20I Playing 11: सैमसन का कटेगा पत्ता! ईशान और वैभव सूर्यवंशी को मिल सकता है मौका

यह भी पढ़ें- IND vs AFG 1st T20 Weather Report: वैभव सूर्यवंशी के 'डेब्यू' पर पानी फेरेंगे इंद्रदेव, धरे रह जाएंगे सारे इंतजाम!