हार्दिक पांड्या की वापसी से सुलझेगी टीम इंडिया के संयोजन की गुत्थी, शुभमन गिल ने बताया ऑलराउंडर की वापसी का पूरा प्लान
शुभमन गिल का मानना है कि हार्दिक पांड्या की वापसी से भारतीय वनडे टीम का संतुलन सुधरेगा और सातवें-आठवें नंबर के बल्लेबाज की समस्या हल होगी।

हार्दिक पांड्या-शुभमन गिल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, ऑकलैंड। हार्दिक पांड्या के चोट के कारण लंबे समय तक टीम से बाहर रहने से भारत की वनडे टीम का संतुलन बिगड़ गया है और कप्तान शुभमन गिल का मानना है कि इस ऑलराउंडर के वापसी करने पर टीम के सातवें और आठवें नंबर के बल्लेबाज की गुत्थी सुलझ जाएगी।
गिल ने पहले वनडे की पूर्व संध्या में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, अगर हार्दिक वापसी करते हैं, तो हमारे नंबर सात और नंबर आठ बल्लेबाज के स्थान भी तय हो जाएंगे। इससे बल्लेबाजी के लिहाज से हमारी टीम कहीं अधिक संतुलित नजर आएगी। वह शानदार खिलाड़ी हैं। उनके जैसा कौशल बहुत कम खिलाड़ियों में देखने को मिलता है। एक ऐसा ऑलराउंडर टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है जो खेल के प्रत्येक चरण में गेंदबाजी कर सकता है और बल्लेबाजी में भी उपयोगी योगदान दे सकता है।
शुभमन गिल ने जताई हार्दिक पांड्या से उम्मीद
गिल ने कहा कि हमारी कई बार बातचीत हुई है। उन्हें भारत ए की तरफ से कुछ मैच खेलने थे लेकिन उससे ठीक पहले वह चोटिल हो गए। उम्मीद है कि वह जल्द ही फिट होकर घरेलू क्रिकेट में कुछ मैच खेलेंगे और फिर टीम में वापसी करेंगे।
रोहित और कोहली से सतर्क रहना होगा: सैंटनर
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंनटर ने कहा कि उनकी टीम को सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली से सतर्क रहना होगा और उनके गेंदबाजों को अनुशासित गेंदबाजी करनी होगी।
सैंटनर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, उनकी उम्र बढ़ रही है, लेकिन वे अब भी बहुत अच्छा खेल रहे हैं। हमने वेस्टइंडीज के विरुद्ध सीरीज में देखा था कि उन्होंने कितना अच्छा प्रदर्शन किया। मैं लंबे समय से उनका खेल देख रहा हूं। मैंने रोहित को आईपीएल में करीब से खेलते देखा है। रोहित और कोहली का शीर्ष क्रम में खेलने का अनुभव उन्हें दमदार प्रतिद्वंद्वी बनाता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।