पावरप्ले में 100 रन, अब नजर 300 पर; टीम इंडिया के आक्रामक खेल पर गौतम गंभीर ने सेट किया नया टारगेट
गौतम गंभीर का कहना है कि भारत को जल्द ही T20 क्रिकेट में 300 रन का आंकड़ा पार करना चाहिए।

गौतम गंभीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 क्रिकेट में इन दिनों भारतीय टीम का कोई सानी नहीं है। लगातार 2 टी20 विश्व कप जीत चुकी भारतीय टीम लंबे समय से आईसीसी रैंकिंग में नंबर-1 है। टीम के पास मौजूद टैलेंट को देखते हुए हेड कोच गौतम गंभीर का कहना है कि भारत को जल्द ही T20 क्रिकेट में 300 रन का आंकड़ा पार करना चाहिए।
30 गेंदों पर शतक
T20I में भारत का सबसे बड़ा स्कोर 297 रन है, जो 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ बनाया गया था। उसी साल मौजूदा T20 वर्ल्ड कप चैंपियन टीम ने साउथ अफ्रीका में एक विकेट पर 283 रन बनाए थे। गुरुवार को अफगानिस्तान के खिलाफ आखिरी T20 मैच में अभिषेक शर्मा की 30 गेंदों में लगाई गई सेंचुरी के बारे में पूछे जाने पर गंभीर ने 300 रन बनाने की इच्छा जाहिर की।
पावरप्ले में 100 रन
गंभीर ने कहा, "मेरे लिए सबसे अच्छी बात यह थी कि हमने पावरप्ले में 100 रन बनाए। मेरे कोचिंग के समय में हमने ऐसा कभी नहीं किया था। इसलिए मुझे लगता है कि यह एक बहुत साफ संदेश था कि अगर आप आक्रामक खेल रहे हैं, तो बस आक्रामक खेलते रहिए।"
गंभीर ने कहा, "यही मैसेज है और भविष्य में भी यही संदेश रहेगा कि हम अभी तक 300 के स्कोर तक नहीं पहुंचे हैं। तो शायद अगला लक्ष्य यही है, क्योंकि हमारे ड्रेसिंग रूम में जो टैलेंट है, उससे हमें कुछ कमाल का प्रदर्शन करना चाहिए।"
पारी के असर पर जोर
हेड कोच ने अभिषेक के व्यक्तिगत माइलस्टोन के बजाय उनकी पारी के असर पर जोर दिया। जैसी शुरुआत भारत को मिली थी, उससे वे 300 के स्कोर के करीब पहुंच सकते थे, लेकिन आखिरी पांच ओवरों में साधारण खेल की वजह से वे 221 रन पर सात विकेट गंवा बैठे।
गंभीर ने कहा, "मैं बस एक बात कहना चाहता हूं। बात आज उनके बनाए 100 रनों की नहीं है। मैं यहां बैठकर उनके 100 रनों के बारे में बात करता रह सकता हूं, लेकिन असल बात है असर (इम्पैक्ट)। ड्रेसिंग रूम में हम सिर्फ इसी बारे में बात करते हैं कि बल्ले और गेंद से हम कितना असर डाल सकते हैं। यही हमारी सोच रही है।"
गंभीर ने कहा, "पिछले दो सालों से हमारी यही सोच रही है। T20 क्रिकेट सिर्फ रन या विकेट के बारे में नहीं है, बल्कि इस बारे में है कि आप कितना असर डाल सकते हैं।"
यह भी पढ़ें- 'कोच के तौर पर मैं सारी आलोचना झेल लूंगा, लेकिन'; शुभमन गिल के सपोर्ट में खुलकर उतरे गौतम गंभीर
यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी को अफगानिस्तान सीरीज में क्यों नहीं दिया गया मौका? कोच गौतम गंभीर ने बताया एकदम आसान कारण
