मोहम्मद सिराज क्यों हुए बाहर? बीसीसीआई ने दी सफाई; गंभीर- गिल के फैसले पर भी दिया जवाब
वेलिंगटन में खेले गए पहले टेस्ट में शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम ने चार तेज गेंदबाजों के साथ खेलने का फैसला किया, मगर इस टीम में सिराज को जगह नहीं मिली थी।

मोहम्मद सिराज (P.C- BCCI X)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेले गए पहले टेस्ट में मोहम्मद सिराज को प्लेइंग-11 में नहीं शामिल करने पर जमकर हंगामा मचा था। सिराज को बाहर करने पर कप्तान शुभमन गिल और हेड कोच गौतम गंभीर लोगों के निशाने पर थे। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आरोप लगाया कि इस अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज को बाहर करने के पीछे सांप्रदायिक कारण थे। कांग्रेस सांसद के बयान के बाद इसे लेकर राजनीति और भी गर्म हो गई। बीसीसीआई ने अब मोहम्मद सिराज को बाहर करने के फैसले पर सफाई दी है।
बीसीसीआई ने उन आरोपों को सिरे से खारिज किया था, जिसमें मोहम्मद सिराज को बाहर करने के पीछे सांप्रदायिक कारण बताया गया था। BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि अगर सिराज खेलते भी तो भी मैच का नतीजा अलग नहीं होता।
राजीव शुक्ला ने किया गंभीर और गिल का बचाव
बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने ANI से बातचीत में हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल के फैसले का बचाव किया। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि सिराज के नहीं खेलने की वजह से टेस्ट मैच ड्रॉ हो गया। राजीव शुक्ला ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि सिराज को इस तरह के विवादों में घसीटा जाना चाहिए, उनके बारे में इस तरह की बातें नहीं होनी चाहिए, वे टीम का हिस्सा हैं और टीम में चुना जाना ही सबसे बड़ी उपलब्धि है।
किसी को विवादों में घसीटना सही नहीं है: राजीव शुक्ला
बीसीसीआई उपाध्यक्ष ने कहा कि मैदान पर कौन से 11 खिलाड़ी उतरेंगे, यह फैसला कोच और कप्तान लेते हैं। वे पिच की स्थिति और अन्य कई कारकों को ध्यान में रखकर यह निर्णय लेते हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ इसलिए कि किसी खिलाड़ी को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया, राजनीतिक या अन्य तरह के विवाद खड़े करना सही नहीं है। यह सिराज के लिए भी अच्छा नहीं है, और वह खुद भी ऐसा बिल्कुल पसंद नहीं करेंगे। उन्होंने आगे कहा, किसी को विवादों में घसीटना सही नहीं है। प्लेइंग इलेवन में किसे रखना है, यह पूरी तरह से कोच और कप्तान पर छोड़ देना चाहिए। इसलिए, मुझे नहीं लगता कि इस बात को इतना तूल देना चाहिए।
बता दें कि मैच के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने भी कहा था कि यह फैसला खिलाड़ी की मौजूदा फॉर्म को देखकर लिया गया था। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह फैसला लेना मुश्किल था, क्योंकि सिराज उनके करीबी दोस्त हैं, हालांकि उन्हें नहीं लगता कि सिराज या जडेजा के होने से मैच के नतीजे पर कोई फर्क पड़ता।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।