छत्तीसगढ़ के पटवारी-आरआई पेपर लीक कांड में दिल्ली से दो भाई गिरफ्तार, मोटी रकम वसूलने का आरोप
छत्तीसगढ़ में पटवारी से राजस्व निरीक्षक पदोन्नति परीक्षा-2024 के प्रश्नपत्र लीक मामले में ईओडब्ल्यू ने मध्य प्रदेश के भिंड जिले के दो भाइयों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।

पटवारी-आरआई पेपर लीक कांड में कार्रवाई।
HighLights
पटवारी-आरआई पेपर लीक मामले में दो भाई दिल्ली से गिरफ्तार।
आरोपियों ने प्रश्नपत्र लीक कर अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूली।
गिरफ्तार भाइयों को 23 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया।
डिजिटल डेस्क, रायपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारी से राजस्व निरीक्षक (आरआई) पद पर पदोन्नति के लिए आयोजित विभागीय परीक्षा-2024 के प्रश्नपत्र लीक मामले में आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू ) ने मध्य प्रदेश के भिंड जिले के दो आरोपित भाइयों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
41 वर्षीय अरविंद जाटव और 35 वर्षीय वीर सिंह जाटव को सोमवार रायपुर लाकर विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को 23 नवंबर तक आठ दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
लीक पेपर से वसूली मोटी रकम
जांच एजेंसी के अनुसार, दोनों ने परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक कर अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराया और इसके बदले मोटी रकम वसूली। ईओडब्ल्यू-एसीबी के अनुसार, आरोपित वीर सिंह और अरविंद जाटव मध्य प्रदेश के भिंड जिले के उमरी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम घना की गड़िया के निवासी हैं। दोनों ने प्रश्नपत्र मुद्रण समिति से जुड़े सहआरोपित वीरेंद्र जाटव के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा।
216 अभ्यर्थियों का हुआ था चयन
बता दें कि राजस्व निरीक्षक विभागीय परीक्षा सात जनवरी 2024 को आयुक्त भू-अभिलेख द्वारा आयोजित की गई थी। परीक्षा परिणाम के आधार पर 216 अभ्यर्थियों का चयन किया गया था। परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की उच्चस्तरीय जांच रिपोर्ट के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने जांच ईओडब्ल्यू-एसीबी को सौंपी थी।