शराबी पिता की प्रताड़ना से तंग आकर नाबालिग बेटे ने जंजीर से घोंटा गला, पत्नी-बच्चों के साथ रोज करता था मारपीट
राजनांदगांव में एक 17 वर्षीय नाबालिग बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी। पिता की शराब पीकर लगातार मारपीट से परेशान होकर बेटे ने लोहे की जंजीर से गला घोंट दिया।

नाबालिग बेटे ने की पिता की हत्या (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
नाबालिग बेटे ने शराबी पिता का गला घोंटकर की हत्या।
पिता की मारपीट से तंग बेटे ने उठाया खौफनाक कदम।
पुलिस ने नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर कार्रवाई शुरू की।
डिजिटल डेस्क, राजनांदगांव। शराब के नशे में पत्नी और बच्चों के साथ लगातार मारपीट करने वाले व्यक्ति की हत्या का आरोप उसके ही 17 वर्षीय नाबालिग बेटे पर लगा है।
पिता की प्रताड़ना से परेशान होकर बेटे ने कुत्ते को बांधने वाली लोहे की जंजीर से उसका गला घोंट दिया। घटना बागनदी थाना क्षेत्र के ग्राम पुजारीटोला की है। पुलिस ने प्रकरण में नाबालिग को अभिरक्षा में लिया है।
शराब पीकर बच्चों को पीटता था पिता
पुलिस के अनुसार, मृतक गीतेश उसेंडी नासिक से दीपावली के समय घर लौटा था। रोज शराब पीकर पत्नी और बच्चों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। 27 नवंबर की रात करीब 7:30 बजे भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा। उस समय पत्नी और बच्चे चूल्हे के पास आग ताप रहे थे।
खाना खाने के बाद मृतक गीतेश पत्नी और बेटे को मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। उसने तीनों बच्चों को लेकर घर से चले जाने की चेतावनी भी दी। इसके बाद गीतेश ने घर में रखे लकड़ी के बेंठ से पत्नी, बेटे और बेटी की पिटाई शुरू कर दी।
इसी दौरान नाबालिग बेटे ने पिता को धक्का देकर कमरे में गिरा दिया। फिर आंगन में रखी कुत्ते को बांधने वाली लोहे की जंजीर उठाकर उसके गले में लपेट दी और खींच दिया। गला घुटने से गीतेश की मौत हो गई।
पुलिस को मृतक की पत्नी ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में कार्रवाई करते हुए नाबालिग को अभिरक्षा में लिया है। मामले में किशोर न्याय अधिनियम के प्रविधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।