विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IVF सेंटरों से ग्राहक तलाशकर 8 राज्यों में 100 से अधिक बच्चे बेचने की आशंका, रायपुर में नवजातों की खरीद-बिक्री का खुलासा

Published: Sun, 22 Nov 2026 02:26 PM (IST)

रायपुर के दिवाकर अस्पताल में नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री का खुलासा हुआ है, जिसमें आइवीएफ सेंटरों के कर्मचारी नि:संतान दंपतियों को ग्राहक बनाते थे।

रायपुर स्थित दिवाकर मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल (जागरण)

रायपुर स्थित दिवाकर मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल (जागरण)

HighLights

  1. IVF सेंटरों से नि:संतान दंपतियों को ग्राहक बनाया जाता था।

  2. दिवाकर अस्पताल का रजिस्ट्रेशन रद, 6 आरोपी गिरफ्तार।

  3. नेटवर्क 8 राज्यों में फैला, 100 से अधिक बच्चों की बिक्री आशंका।

डिजिटल डेस्क, रायपुर। शहर के दिवाकर अस्पताल में नवजात बच्चों की खरीदी-बिक्री के मामले में आइवीएफ (इन विट्रो फर्टिलाइजेशन) सेंटरों से ग्राहक ढूंढे जाने का राजफाश हुआ है।

पुलिस की ओर से गठित एसआइटी की जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आइवीएफ सेंटरों के कर्मचारी रुपये के लालच में नि:संतान दंपतियों की जानकारी आरोपितों को देते थे।

मामले में गिरफ्तार पुरुष नर्स आइवीएफ सेंटर में ब्लड सैंपलिंग का काम करता था, जो वहां का डेटा बेचता था। इस तथ्य के आने के बाद अब पुलिस आइवीएफ सेंटरों की जांच की तैयारी कर रही है।

वहीं, सीएमएचओ डॉ. मिथिलेश चौधरी ने बताया कि दिवाकर अस्पताल के रजिस्ट्रेशन को निरस्त कर दिया गया है। अस्पताल पर कानूनी कार्रवाई की भी तैयारी की जा रही है।

मामले में अब तक छह लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनका नेटवर्क आठ राज्यों तक फैला था। इस आधार पर पुलिस को 100 से अधिक बच्चों को बेचने की आशंका है।

बताया जा रहा है कि बच्चों की डिलीवरी कराने और फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के मामले में गिरफ्तार आरोपित महानंद कई निजी अस्पतालों में जनसंपर्क अधिकारी के रूप में काम कर चुका है।

दिवाकर अस्पताल के संचालक डॉ. बीआर दिवाकर से उसने एक लाख रुपये की मासिक किश्त पर अस्पताल को किराये पर लिया था। यहीं से उसने बच्चों की खरीदी-बिक्री शुरू की।

गली के अंदर चल रहा था अस्पताल

दैनिक जागरण की पड़ताल में सामने आया कि दिवाकर मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल बसंत विहार के मुख्य गेट से करीब दो किलोमीटर दूर एक गली के अंदर तीन मंजिला मकान में चल रहा है।

अस्पताल के बाहर लगे बोर्ड पर मेडिसिन, शिशु रोग, स्त्री रोग, हड्डी रोग, न्यूरो, यूरो, कार्डियो और छाती रोग समेत कई विभागों का उल्लेख था, लेकिन किसी डाक्टर का नाम दर्ज नहीं था।

यह भी पढ़ें- लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 15 करोड़ की रंगदारी: छत्तीसगढ़ दवा घोटाले के आरोपी शशांक चोपड़ा को मिली धमकी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।