लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 15 करोड़ की रंगदारी: छत्तीसगढ़ दवा घोटाले के आरोपी शशांक चोपड़ा को मिली धमकी
छत्तीसगढ़ के 660 करोड़ रुपये के दवा घोटाले के आरोपी कारोबारी शशांक चोपड़ा से 15 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है।

कारोबारी शशांक चोपड़ा से 15 करोड़ की रंगदारी मांगी गई। (शशांक चोपड़ा की फाइल फोटो।)
HighLights
कारोबारी शशांक चोपड़ा से 15 करोड़ की रंगदारी मांगी गई
फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का बताया।
दुर्ग पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
डिजिटल डेस्क, दुर्ग। छत्तीसगढ़ के 660 करोड़ रुपये के दवा घोटाले के आरोपित कारोबारी शशांक चोपड़ा से 15 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है।
फोन करने वाले व्यक्ति ने कथित तौर पर खुद को कुख्यात गैंग्सटर लारेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा बताया और रकम नहीं देने पर परिवार के एक सदस्य की हत्या करने की धमकी दी। बताया जा रहा है कि जिस नंबर से फोन आया, वह पुर्तगाल का है।
फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का बताया
धमकी की वारदात के बाद कारोबारी के स्वजन भयभीत हैं। शिकायत पर दुर्ग पुलिस ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कारोबारी के घर के बाहर पुलिसकर्मी की तैनाती कर दी गई है।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि धमकी देने वाला वास्तव में लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है या फिर उसने कारोबारी को डराने के लिए गैंग का नाम इस्तेमाल किया है।
दुर्ग पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
पुलिस फिलहाल किसी संगठित गैंग की संलिप्तता की पुष्टि नहीं कर रही है। फोन करने वाले की पहचान, मोबाइल नंबर की लोकेशन, काल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
ईडी ने जब्त की हैं 123 संपत्तियां शशांक चोपड़ा का नाम छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कार्पोरेशन के दवा और मेडिकल उपकरण खरीदी में हुए 660 करोड़ रुपये के घोटाले में सामने आया था।
मोक्षित कार्पोरेशन पर निविदा में कथित गड़बड़ी कर अधिक दरों पर आपूर्ति का आरोप है। एसीबी-ईओडब्ल्यू ने जनवरी 2025 में प्राथमिकी दर्ज कर चोपड़ा को गिरफ्तार किया था। बाद में ईडी ने मोक्षित कार्पोरेशन व उससे जुड़े लोगों की कुल 123 संपत्तियां जब्त की थीं।