विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छत्तीसगढ़: कोरबा में 7 साल की बच्ची के साथ रेप के बाद हत्या, तीन दिन बाद मिली लाश; आरोपी गिरफ्तार

Published: Fri, 23 Oct 2026 01:14 PM (IST)

छत्तीसगढ़ के कोरबा में सात साल की बच्ची के साथ बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस ने खोजी कुत्ते की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया है।

कोरबा में सात साल की बच्ची का बलात्कार के बाद मर्डर (प्रतीकात्मक फोटो)

कोरबा में सात साल की बच्ची का बलात्कार के बाद मर्डर (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. कोरबा में सात साल की बच्ची से बलात्कार और हत्या।

  2. तीन दिन से लापता बच्ची का शव झाड़ियों में मिला।

  3. खोजी कुत्ते की मदद से 42 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार।

डिजिटल डेस्क, रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सात साल की बच्ची के साथ बलात्कार की घटना सामने आई है। बच्ची के साथ रेप के बाद उसकी हत्या कर दी गई। ये बच्ची तीन दिन से लापता थी।

एक अधिकारी ने शुक्रवार को जानकारी दी कि इस मामले में खोजी कुत्ते की मदद से 42 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान देवमती पारा (बांगो थाना क्षेत्र) के रहने वाले अजय उर्फ अमित चौहान के रूप में हुई है।

कोरबा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि आरोपी की दो पत्नियां हैं। हत्या के दिन वह रावणभाठा इलाके में अपनी दूसरी पत्नी से मिलने आया था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि आरोपी अमित चौहान ने बच्ची को अकेला देखा, जिसके बाद उसने बच्ची के साथ रेप किया, उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और मामले की आगे की जांच चल रही है।

किराने की दुकान पर सामान लेने गई बच्ची, वापस नहीं लौटी

अधिकारी ने बताया कि बच्ची तीन दिन पहले एक किराने की दुकान पर कुछ सामान लेने गई थी और तभी से लापता थी। गुरुवार सुबह राजगामार पुलिस चौकी इलाके में एक पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में उसका शव मिला।

पुलिस ने बताया कि बच्ची के पिता ने 19 अक्टूबर की शाम को उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि उनकी बेटी दुकान से घर वापस नहीं लौटी है।

अधिकारी के मुताबिक, बच्ची के पिता सक्ती जिले के फागुरम गांव के रहने वाले हैं। वे चार महीने पहले अपने चार बच्चों के साथ राजगामार आ गए थे और अपने परिवार का पेट पालने के लिए एक पोल्ट्री फार्म में काम करते थे।

खोजी कुत्ते ने ढूंढा आरोपी

शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने बच्ची को खोजने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया। गुरुवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में एक शव पड़ा है। जांच में मदद के लिए फॉरेंसिक टीम और पुलिस के खोजी कुत्ते को भी बुलाया गया।

पुलिस के खोजी कुत्ते से जांच में मदद मिली। उसने राजगामार के रावणभाठा इलाके में आरोपी के घर का पता लगाया। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने आरोपी को ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़: महासमुंद में NH-53 पर हादसा, ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार कार; दो महिलाओं की मौत और तीन घायल